1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारती एयरटेल दे रही ₹24 और हीरो मोटोकॉर्प ₹75 का डिविडेंड! 43 कंपनियां बांटेंगी ₹1127 करोड़

भारती एयरटेल दे रही ₹24 और हीरो मोटोकॉर्प ₹75 का डिविडेंड! 43 कंपनियां बांटेंगी ₹1127 करोड़

 Published : Jul 23, 2026 12:34 pm IST,  Updated : Jul 23, 2026 12:34 pm IST

शुक्रवार, 24 जुलाई को 43 कंपनियां एक्स-डिविडेंड होंगी। ऐसे में आज शेयर खरीदने वाले निवेशकों को ही डिविडेंड का लाभ मिलेगा। इन सभी कंपनियों की ओर से कुल मिलाकर करीब ₹1,127 करोड़ का डिविडेंड बांटा जाएगा।

43 कंपनियां देंगी ₹1127...- India TV Hindi
43 कंपनियां देंगी ₹1127 करोड़ का डिविडेंड Image Source : CANVA

शेयर बाजार के निवेशकों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। अगर आप डिविडेंड से कमाई करना चाहते हैं, तो आपके पास सिर्फ आज का मौका है। भारती एयरटेल, हीरो मोटोकॉर्प, इंफो एज, जाइडस लाइफसाइंसेज समेत कुल 43 कंपनियां 24 जुलाई को एक्स-डेट पर जाने वाली हैं। ऐसे में सेबी के T+1 सेटलमेंट नियम के तहत निवेशकों को डिविडेंड का लाभ पाने के लिए रिकॉर्ड डेट से एक दिन पहले यानी आज ही इन कंपनियों के शेयर खरीदने होंगे। इन सभी कंपनियों की ओर से कुल मिलाकर करीब ₹1,127 करोड़ का डिविडेंड दिया जाएगा।

टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल अपने शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹24 प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड देने जा रही है। यह कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक डिविडेंड है। वहीं, हीरो मोटोकॉर्प ने अपने निवेशकों के लिए ₹75 प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया है। दोनों कंपनियों की रिकॉर्ड डेट 24 जुलाई तय की गई है।

इन कंपनियों के निवेशकों को भी मिलेगा फायदा

भारती एयरटेल और हीरो मोटोकॉर्प के अलावा इन्फो एज ₹3.60 प्रति शेयर, डिवीज लैबोरेटरीज ₹30, न्यूलैंड लैबोरेटरीज ₹34, डेटा पैटर्न्स ₹10, रैडिको खेतान ₹9, कॉनकॉर्ड बायोटेक ₹7.55 और जाइडस लाइफसाइंसेज ₹1 प्रति शेयर का डिविडेंड देने जा रही हैं। इसके अलावा कई अन्य कंपनियां भी अपने शेयरधारकों को नकद इनाम देंगी।

सबसे ज्यादा डिविडेंड कौन दे रहा है?

इस बार सबसे बड़ा डिविडेंड एबॉट इंडिया की ओर से दिया जा रहा है। कंपनी अपने निवेशकों को ₹525 प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड और ₹131 प्रति शेयर का विशेष (स्पेशल) डिविडेंड देगी। यानी कुल ₹656 प्रति शेयर का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा वोल्टैम्प ट्रांसफॉर्मर्स ₹100 प्रति शेयर का डिविडेंड दे रही है, जो इस सूची में दूसरा सबसे बड़ा भुगतान है।

बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट का भी मौका

सिर्फ डिविडेंड ही नहीं, कुछ कंपनियां निवेशकों को बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट का फायदा भी देने जा रही हैं। कालिंद ने 1:2 बोनस इश्यू के साथ फेस वैल्यू ₹10 से घटाकर ₹2 करने का फैसला किया है। वहीं पीएस राज स्टील्स भी अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट करने जा रही है।

निवेशकों के लिए जरूरी बात

अगर आप इन कंपनियों के डिविडेंड, बोनस या स्टॉक स्प्लिट का लाभ लेना चाहते हैं, तो रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर आपके डीमैट खाते में होना जरूरी है। इसलिए आज शेयर खरीदने का आखिरी मौका है। रिकॉर्ड डेट के बाद शेयर खरीदने वाले निवेशकों को इस बार घोषित डिविडेंड या अन्य कॉरपोरेट एक्शन का लाभ नहीं मिलेगा।

यह भी पढ़ें- NSE सितंबर में ला सकता है ₹30000 करोड़ का IPO, निवेशकों के लिए पैसे कमाने का सुनहरा मौका!

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा