1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. NSE सितंबर में ला सकता है ₹30000 करोड़ का IPO, निवेशकों के लिए पैसे कमाने का सुनहरा मौका!

NSE सितंबर में ला सकता है ₹30000 करोड़ का IPO, निवेशकों के लिए पैसे कमाने का सुनहरा मौका!

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jul 06, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 07:23 pm IST

देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) सितंबर में अपना ₹30,000 करोड़ का IPO ला सकता है। अगर यह आईपीओ तय समय पर आता है, तो यह भारत के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल होगा।

NSE का 30000 करोड़ रुपये का IPO- India TV Hindi
NSE का 30000 करोड़ रुपये का IPO Image Source : ANI

शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए इस साल की सबसे बड़ी खबर सामने आ सकती है। देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) सितंबर में अपना करीब ₹30,000 करोड़ का IPO लॉन्च कर सकता है। अगर यह इश्यू तय समय पर आता है, तो यह भारत के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल होगा। इस मेगा आईपीओ के जरिए निवेशकों को देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज में हिस्सेदारी खरीदने का मौका मिलेगा।

सूत्रों के मुताबिक, इस आईपीओ के बाद NSE की वैल्यू ₹5 लाख करोड़ से ज्यादा आंकी जा सकती है। कंपनी जल्द ही देश-विदेश के निवेशकों के लिए रोड शो भी शुरू करेगी। यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।

कौन-कौन बेचेंगे अपनी हिस्सेदारी?

ड्राफ्ट दस्तावेज के अनुसार, इस आईपीओ में करीब 14.89 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे, जो NSE की कुल इक्विटी का लगभग 6 फीसदी हिस्सा होगा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) सबसे ज्यादा करीब 2.48 करोड़ शेयर बेचेगा। इसके अलावा MS Strategic (Mauritius), बैंक ऑफ बड़ौदा, GIC, न्यू इंडिया एश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस जैसी संस्थाएं भी अपनी हिस्सेदारी घटाएंगी। हालांकि, एलआईसी, जो NSE की सबसे बड़ी शेयरधारक है और जिसके पास 10.72 फीसदी हिस्सेदारी है, इस आईपीओ में अपने शेयर नहीं बेचेगी।

2016 से था निवेशकों को इंतजार

NSE ने पहली बार 2016 में अपना IPO लाने की योजना बनाई थी, लेकिन कुछ नियामकीय और गवर्नेंस से जुड़े मामलों की वजह से इसे मंजूरी नहीं मिल सकी। इसके बाद एक्सचेंज ने अपने नियमों और गवर्नेंस सिस्टम में कई सुधार किए। हाल ही में SEBI से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद अब IPO लॉन्च की तैयारी तेज हो गई है।

वित्तीय प्रदर्शन कैसा रहा?

वित्त वर्ष 2025-26 में NSE का शुद्ध मुनाफा 15 फीसदी घटकर ₹10,302 करोड़ रहा, जबकि कुल आय भी थोड़ी कम हुई। हालांकि, मार्च तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस दौरान शुद्ध लाभ 8 फीसदी बढ़कर ₹2,871 करोड़ पहुंच गया और कुल आय में 22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

निवेशकों के लिए क्यों खास होगा यह IPO?

 NSE भारत के सबसे मजबूत और भरोसेमंद वित्तीय संस्थानों में से एक है। ऐसे में इसका IPO निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है। यदि यह सितंबर में लॉन्च होता है, तो यह हुंडई मोटर इंडिया के ₹27,870 करोड़ के IPO का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकता है। ऐसे में शेयर बाजार में निवेश करने वालों की नजर अब इस मेगा IPO पर टिकी हुई है।

Disclaimer: यह न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें- 5000 करोड़ रुपये का IPO लाने की तैयारी में क्यूब हाईवेज ट्रस्ट, इसी महीने लॉन्च हो सकता है इश्यू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा