1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रुपये की दहाड़ से पस्त हुआ डॉलर, तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचा, जानें क्यों बाजी पलटी?

रुपये की दहाड़ से पस्त हुआ डॉलर, तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचा, जानें क्यों बाजी पलटी?

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Mar 05, 2025 09:24 pm IST,  Updated : Mar 05, 2025 09:24 pm IST

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.79 प्रतिशत घटकर 104.91 पर कारोबार कर रहा था।

roar of rupees- India TV Hindi
रुपये की दहाड़ Image Source : FILE

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये ने आज जबरदस्त छलांग लगाई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 87.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इसके साथ ही रुपया तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचा गया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि रुपये फिर से दहाड़ने लगा और डॉलर की मजबूती जाती रही। आपको बता दें कि आज शेयर बाजारों में शानदार तेजी लौटने, अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण रुपये में यह मजबूती लौटी है। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क वृद्धि के कदम ने वैश्विक बाजारों में एक श्रृंखलाबद्ध प्रतिक्रिया शुरू कर दी है, जिससे डॉलर में गिरावट आ रही है।

भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह 87.18 पर खुला और फिर डॉलर के मुकाबले 86.93 के दिन के उच्चतम स्तर और 87.20 के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 87.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 13 पैसे की बढ़त है। मंगलवार को रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 87.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि रुपया लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ, जो क्षेत्रीय मुद्राओं के अनुरूप रहा क्योंकि जोखिम वाली संपत्तियों में उछाल आया, जबकि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के कारण सुरक्षित डॉलर कमजोर हुआ।

डॉलर इंडेक्स टूटकर 104 पर पहुंचा 

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.79 प्रतिशत घटकर 104.91 पर कारोबार कर रहा था। वायदा कारोबार में वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत घटकर 70.51 डॉलर प्रति बैरल रह गया। घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 740.30 अंक बढ़कर 73,730.23 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 254.65 अंक बढ़कर 22,337.30 अंक पर बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,895.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अन्य देशों द्वारा लगाए गए उच्च शुल्कों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘बहुत अनुचित’ करार दिया और अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर दो अप्रैल से जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की। ट्रंप ने मंगलवार को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा