1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पर्यटकों को घर में ठहरा कर करें मोटी कमाई, बजट में ‘होमस्टे’ स्कीम का हुआ ऐलान, जानें सबकुछ

पर्यटकों को घर में ठहरा कर करें मोटी कमाई, बजट में ‘होमस्टे’ स्कीम का हुआ ऐलान, जानें सबकुछ

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 02, 2025 02:29 pm IST,  Updated : Feb 02, 2025 02:29 pm IST

आपको बता दें कि प्राइवेट घर में भुगतान लेकर पर्यटकों को ठहरने की सुविधा देने को ‘होमस्टे’ कहा जाता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को अपने बजट भाषण में कहा कि होमस्टे भी मुद्रा ऋण के लिए पात्र होंगे।

Tourism Sector - India TV Hindi
टूरिज्म सेक्टर Image Source : FILE

टूरिज्म सेक्टर के लिए बजट में कई बड़े ऐलान किए गए हैं। इसमें  ‘होमस्टे’ को बढ़ावा देने का भी ऐलान किया गय है। केंद्र के कदम का हितधारकों ने स्वागत करते हुए कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है। आपको बता दें कि प्राइवेट घर में भुगतान लेकर पर्यटकों को ठहरने की सुविधा देने को ‘होमस्टे’ कहा जाता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को अपने बजट भाषण में कहा कि होमस्टे भी मुद्रा ऋण के लिए पात्र होंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में छोटे पैमाने के आतिथ्य व्यवसायों को समर्थन देना है। 

मुद्रा योजना से लोन की भी सुविधा ​मिलेगी 

इस पहल से खासकर लोकप्रिय और उभरते पर्यटन स्थलों पर ‘होमस्टे’ सुविधा शुरू करने या मौजूदा इकाइयों का विस्तार करने के इच्छुक लोगों को वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद है। मुद्रा लोन योजना के तहत सूक्ष्म और लघु व्यवसायों को 10 लाख रुपये तक का कर्ज मिल सकता है। पर्यटन मंत्रालय से उम्मीद की जाती है कि वह होमस्टे संचालकों के लिए इन ऋणों तक आसान पहुंच के लिए बैंकों के साथ मिलकर काम करेगा। होटल एवं रेस्टोरेंट क्षेत्र के निकाय एफएचआरएआई के अध्यक्ष के.श्यामा राजू ने कहा कि होमस्टे कारोबार के लिए मुद्रा ऋण की शुरुआत एक और सकारात्मक कदम है, जो स्थानीय उद्यमियों को छोटे पर्यटन व्यवसाय शुरू करने और विकसित करने का मौका देगा। इससे इन क्षेत्रों में अधिक नौकरियां पैदा करने और पर्यटन को प्रोत्साहन में मदद मिलेगी। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब पर्यटन क्षेत्र में कोविड-19 महामारी के बाद लगातार सुधार हो रहा है, तथा नए आवास विकल्पों की मांग बढ़ रही है। 

होमस्टे सेगमेंट में तेजी से मांग बढ़ी 

उद्योग रिपोर्ट बताती है कि हाल के वर्षों में होमस्टे खंड में काफी वृद्धि हुई है, जो घरेलू यात्रा और अनुभवात्मक पर्यटन में रुचि के कारण है। हालांकि, उद्योग विशेषज्ञ इस बात पर बल देते हैं कि इस योजना के सुव्यवस्थित क्रियान्वयन की जरूरत है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लाभ उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उत्तराखंड के कसार देवी में होमस्टे चलाने वाले संदीप कुलकर्णी ने कहा, “छोटे आतिथ्य उद्यमों के लिए वित्तपोषण हमेशा एक चुनौती रहा है। अगर ये ऋण न्यूनतम कागजी कार्रवाई और कम ब्याज दरों के साथ आते हैं तो वे इस क्षेत्र में अधिक उद्यमियों को आने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं।” 

इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस बढ़ाना होगा 

उन्होंने कहा, “हालांकि सरकार को इस वृद्धि को बनाए रखने के लिए उचित विपणन और बुनियादी ढांचे का समर्थन भी सुनिश्चित करना होगा।” पर्यटन क्षेत्र पर हाल ही में आई एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, होमस्टे उद्योग में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण रोजगार अवसर पैदा करने की क्षमता है। रिपोर्ट में होमस्टे मालिकों की उन्नति में सहायता के लिए वित्तीय प्रोत्साहन, क्षमता निर्माण और डिजिटल विपणन सहायता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा