भारत के अंतरिक्ष नियामक IN-SPACe ने अरबपति उद्योगपति इलॉन मस्क की स्टारलिंक को देश में सैटेलाइट-बेस्ड इंटरनेट सर्विस शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इंडियन नेशनल स्पेस प्रोमोशन एंड ऑथोराइजेशन सेंटर (इन-स्पेस) ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उन्होंने ‘स्टारलिंक सैटेलाइट कम्यूनिकेशंस’ को भारत में ‘स्टारलिंक Gen1 कॉन्स्टेलेशन’ क्षमता के प्रावधान को सक्षम करने की मंजूरी दे दी है। ये मंजूरी अगले पांच साल की अवधि के लिए वैध है। बताते चलें कि इलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक 2022 से ही भारत में कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने की कोशिशों में जुटा हुआ था। आज IN-SPACe से मंजूरी मिलने के बाद स्टारलिंक तीसरी कंपनी बन गई है, जिसे भारत में सैटेलाइट इंटरनेट शुरू करने की मंजूरी मिली है।
कंपनी को DoT से पिछले महीने की मिला था GMPCS लाइसेंस
स्टारलिंक के लिए अब भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं शुरू करने का रास्ता अब लगभग पूरी तरह से साफ हो चुका है। इसके साथ ही, भारत में सैटेलाइट इंटरनेट शुरू करने की दिशा में कंपनी ने एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा लिया है। बताते चलें कि कंपनी को पिछले महीने ही टेलीकॉम डिपार्टमेंट (DoT) से ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्यूनिकेशन बाय सैटेलाइट (GMPCS) लाइसेंस मिला था। अब, IN-SPACe की मंजूरी के साथ, स्टारलिंक को अपने प्लान को आगे बढ़ाने के लिए हरी झंडी मिल गई है।
वनवेब और जियो सैटेलाइट कम्यूनिकेशंस को पहले ही मिल चुका है लाइसेंस
बताते चलें कि भारती ग्रुप द्वारा समर्थित वनवेब और जियो-एसईएस के जॉइंट वेंचर जियो सैटेलाइट कम्यूनिकेशंस को भारत में सैटेलाइन इंटरनेट सर्विस प्रदान करने के लिए लाइसेंस जारी किया गया था। जिसके बाद स्टारलिंक अब भारत में तीसरी कंपनी बन गई है, जिसे देश में सैटेलाइट इंटरनेट शुरू करने की मंजूरी मिली है। हालांकि, अभी स्टारलिंक को भारत में अपनी सर्विस शुरू करने में समय थोड़ा समय लगेगा, क्योंकि कंपनी को इसके लिए स्पेक्ट्रम आवंटन का इंतजार करना होगा।