1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. December Rule Change: गैस सिलेंडर से लेकर क्रेडिट कार्ड और इनकम टैक्स तक, आज से लागू हो गये हैं ये बदलाव

December Rule Change: गैस सिलेंडर से लेकर क्रेडिट कार्ड और इनकम टैक्स तक, आज से लागू हो गये हैं ये बदलाव

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 01, 2024 08:49 am IST,  Updated : Dec 01, 2024 08:49 am IST

December Rule Change: 19 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत में ₹16.50 का इजाफा हुआ है। 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब दिल्ली में ₹1818.50 में मिलेगा।

आज से हो रहे बदलाव- India TV Hindi
आज से हो रहे बदलाव Image Source : FILE

December Rule Change: साल 2024 का आखिरी महीना आज से शुरू हो गया है। हर महीने पैसों से जुड़े कुछ बदलाव होते हैं। इसी तरह पहली दिसंबर से भी कुछ बदलाव हुए हैं, जो आपकी जेब पर असर डाल सकते हैं। इनमें एलपीजी सिलेंडर के दाम, ओटीपी स्कैम, इनकम टैक्स रिटर्न और क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियम शामिल है। आइए विस्तार से जानते हैं कि आज से क्या कुछ बदल गया है।

महंगा हो गया कमर्शियल गैस सिलेंडर

सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिये हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंडियन ऑयल से मिली जानकारी के मुताबिक, 19 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत में ₹16.50 का इजाफा हुआ है। 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब दिल्ली में ₹1818.50 में मिलेगा। पिछले महीने नवंबर में ही इस सिलेंडर की कीमत में ₹62 की बढ़ोतरी हुई थी। कोलकाता में अब कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹1927.00 रुपये का हो गया है। यह गैस सिलेंडर मुंबई में ₹1771.00 और चेन्नई में ₹1980.50 में मिल रहा है।

इनकम टैक्स रिटर्न

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा को 15 दिन और बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दिया है। आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 139(1) के तहत आयकर रिटर्न प्रस्तुत करने की नियत तारीख ऐसे करदाता के मामले में 30 नवंबर है, जिन्हें धारा 92ई में संदर्भित रिपोर्ट पेश करने की आवश्यकता होती है। अब अंतरराष्ट्रीय लेनदेन करने वाले करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है और उन्हें धारा 92ई के तहत रिपोर्ट प्रस्तुत करना आवश्यक है।

ट्राई का नया नियम

दूरसंचार नियामक ट्राई ने अनचाही कॉल एवं संदेशों (स्पैम) पर अंकुश लगाने के लिए दूरसंचार कंपनियों को एसएमएस का स्रोत सुनिश्चित करने संबंधी आदेश जारी किये हैं। ये 1 दिसंबर से लागू हो गये हैं। ट्राई ने सेवा प्रदाताओं को संदेश भेजने वाले की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य आदेश दिया है। ट्राई ने स्पैम कॉल और संदेशों पर लगाम लगाने के लिए यह आदेश जारी किया है।

एसबीआई क्रेडिट कार्ड

क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए भी 1 दिसंबर से बदलाव हुआ है। अगर आप डिजिटल गेमिंग प्लेटफॉर्म/मर्चेंट से जुड़े ट्रांजेक्शंस के लिए एसबीआई क्रेडिट कार्ड का यूज करते हैं, तो आज से यानी 1 दिसंबर से इसके लिए नये नियम लागू हो गये हैं। एसबीआई कार्ड्स पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 48 क्रेडिट कार्ड्स डिजिटल गेमिंग प्लेटफॉर्म/मर्चेंट से जुड़े ट्रांजैक्शन पर अब रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं देंगे।

बैंक हॉलीडे

दिसंबर में आपको बैंक ब्रांच जाकर कोई जरूर काम निपटाना है, तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। दिसंबर महीने में अलग-अलग जोन में कुल 17 दिन बैंकों की छुट्टी रहने वाली है।

फ्री आधार अपडेट

अगर आप अपने आधार कार्ड में फोटो-पता जैसी डिटेल अपडेट करवाना चाहते हैं, तो 14 दिसंबर तक ऐसा फ्री में कर सकते हैं। इसके बाद आपको आधार कार्ड डिटेल अपडेट करवाने के लिए पैसा देना होगा। आप माय आधार पोर्टल पर जाकर अपनी आधार कार्ड की डिटेल अपडेट करवा सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा