1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold-Silver Price: ₹20,400 की तेजी के साथ ₹3.23 लाख/किलो पर पहुंची चांदी, ₹1.5 लाख/10 ग्राम के पार निकला सोना

Gold-Silver Price: ₹20,400 की तेजी के साथ ₹3.23 लाख/किलो पर पहुंची चांदी, ₹1.5 लाख/10 ग्राम के पार निकला सोना

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jan 20, 2026 05:58 pm IST,  Updated : Jan 20, 2026 06:27 pm IST

Gold-Silver Price: आज की इस ताजा बढ़ोतरी के साथ ही सोने और चांदी की कीमतों ने अपना-अपना नया लाइफटाइम हाई अचीव कर लिया है।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
सोना-चांदी की कीमतें हुई बेलगाम Image Source : PIXABAY

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतें अब बेलगाम होकर दौड़ रही हैं। आज एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 3.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गईं, जबकि सोने का भाव भी 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम को क्रॉस कर गया। आज की इस ताजा बढ़ोतरी के साथ ही सोने और चांदी की कीमतों ने अपना-अपना नया लाइफटाइम हाई अचीव कर लिया है। हैरानी की बात ये है कि कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बावजूद निवेशक लगातार सोने और चांदी में पैसा लगा रहे हैं, जबकि अब ये कीमती धातु आम लोगों की पहुंच से लगातार दूर निकलती जा रही हैं।

मंगलवार को 20,400 रुपये महंगी हुई चांदी

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में मजबूत मांग की वजह से आज सोने और चांदी की कीमतों में ताबड़तोड़ तेजी दर्ज की गई। आज दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 20,400 रुपये (लगभग 7 प्रतिशत) की बंपर तेजी के साथ 3,23,000 रुपये प्रति किलो हो गया। चांदी के अलावा, मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 5100 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि, सोमवार को ये 1900 रुपये की बढ़त के साथ 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को, चांदी की कीमतें 10,000 रुपये की तेजी के साथ 3,02,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में रॉकेट जैसी तेजी

forex.com के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना पहली बार 4700 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया। पीले धातु की कीमत में आज 66.38 डॉलर (1.42 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई और ये 4737.40 डॉलर प्रति औंस हो गया। इसके अलावा, हाजिर चांदी भी बढ़कर 95.88 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा