1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवंबर में Gold को लेकर भारतीयों में रहा गजब का क्रेज, इस वजह से आयात हो गया चार गुना, जानें डिटेल

नवंबर में Gold को लेकर भारतीयों में रहा गजब का क्रेज, इस वजह से आयात हो गया चार गुना, जानें डिटेल

 Published : Dec 16, 2024 09:07 pm IST,  Updated : Dec 16, 2024 09:07 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल अबतक सोने की कीमतें 23 प्रतिशत बढ़कर 78,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं। बजट में सरकार ने सोने के आयात पर शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था।

ज्यादा आयात एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में कीमती धातु में निवेशकों के मजबूत भरोसे का संकेत देता है।- India TV Hindi
ज्यादा आयात एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में कीमती धातु में निवेशकों के मजबूत भरोसे का संकेत देता है। Image Source : AI फोटो

भारतीयों में सोने को लेकर गजब का क्रेज देखने को मिलता है। इसकी एक झलक बीते नवंबर महीने के आंकड़ों में मिलती है। देश में सोने का आयात नवंबर में त्योहार और शादी-ब्याह के चलते चार गुना होकर 14.86 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। नवंबर, 2023 में सोने का आयात 3.44 अरब डॉलर रहा था। पीटीआई की खबर के मुताबिक, सोमवार को जारी वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इसके मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान आयात 49 प्रतिशत बढ़कर 49 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 32.93 अरब डॉलर था।

सोना सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली संपत्तियों में से एक

खबर के मुताबिक, मंत्रालय के मुताबिक, लगभग 25 प्रतिशत औसत सालाना रिटर्न के साथ सोना 2024 (नवंबर तक) में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली संपत्तियों में से एक है। ज्यादा आयात एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में कीमती धातु में निवेशकों के मजबूत भरोसे का संकेत देता है। साथ ही दुनियाभर में अनिश्चितताओं के चलते संपत्ति विविधीकरण के लिए सोने की खरीद, बैंकों की बढ़ती मांग और सीमा शुल्क में कटौती के चलते भी इस कीमती धातु की चमक बढ़ी है।

इस साल अबतक सोने की कीमतें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस साल अबतक सोने की कीमतें 23 प्रतिशत बढ़कर 78,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं। बजट में सरकार ने सोने के आयात पर शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था। भारत का सोना आयात 2023-24 में 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर हो गया था। आंकड़ों के मुताबिक, स्विट्जरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा सोर्स है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है।

देश के कुल आयात में इस कीमती धातु का हिस्सा पांच प्रतिशत से अधिक है। सोने के आयात में उछाल ने देश के व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) को नवंबर में रिकॉर्ड 37.84 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा