1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today : सर्राफा बाजार में लुढ़क गए सोने के भाव, चांदी में जबरदस्त गिरावट, जानिए 24 कैरेट गोल्ड के दाम

Gold Price Today : सर्राफा बाजार में लुढ़क गए सोने के भाव, चांदी में जबरदस्त गिरावट, जानिए 24 कैरेट गोल्ड के दाम

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Feb 28, 2025 08:40 pm IST,  Updated : Feb 28, 2025 08:40 pm IST

Gold Price Today : शुक्रवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 500 रुपये टूटकर 87,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वहीं, चांदी की कीमत भी 2,100 रुपये लुढ़क कर 96,400 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

सोने का भाव- India TV Hindi
सोने का भाव Image Source : FILE

Gold Price Today : आभूषण कारोबारियों की कमजोर मांग और निवेशकों की बिकवाली के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 500 रुपये घटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अखित भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 88,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस साल अब तक सोने की कीमतें 8,310 रुपये या 10.5 प्रतिशत बढ़कर 87,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं, जबकि एक जनवरी को सोने की कीमतें 79,390 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं। शुक्रवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 500 रुपये टूटकर 87,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसका पिछला बंद भाव 87,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

लगातार तीसरे दिन चांदी में बड़ी गिरावट

लगातार तीसरे दिन की गिरावट के बीच चांदी की कीमत भी 2,100 रुपये लुढ़क कर 96,400 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। जबकि इसका पिछला बंद भाव 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। मेहता इक्विटीज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (कमोडिटी) राहुल कलंत्री ने कहा, ‘‘डॉलर सूचकांक में जोरदार उछाल के कारण सोने और चांदी में एक बार फिर गिरावट आई। अमेरिकी राष्ट्रपति के मेक्सिको और कनाडा पर चार मार्च से लागू होने वाले नए शुल्क की घोषणा ने डॉलर को मजबूत किया, जिससे सर्राफा कीमतों पर दबाव बढ़ गया।’’ कमोडिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार, चीन पर अतिरिक्त 10 फीसदी शुल्क लगाने की ट्रंप की घोषणा से इन टैरिफ रेट्स के संभावित स्थगन के बारे में बाजारों में जो उम्मीद बढ़ी थी, वह टूट गयी है।

वैश्विक बाजार में भाव

वैश्विक मोर्चे पर, कॉमेक्स सोना वायदा 21.20 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,874.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। साथ ही, हाजिर सोना 15 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,862.53 डॉलर प्रति औंस रह गया। एबन्स होल्डिंग्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से सोने की कीमतों में सुधार हो रहा है। यह संकेत देता है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व अर्थव्यवस्था में लगातार महंगाई के दबाव के कारण दरों में कटौती में देरी कर सकता है।’’ एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 31.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

(पीटीआई/भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा