1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today: सोने के भाव में आज जबरदस्त उछाल, एक बार में इतनी बढ़ गई कीमतें

Gold Price Today: सोने के भाव में आज जबरदस्त उछाल, एक बार में इतनी बढ़ गई कीमतें

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 21, 2024 08:15 pm IST,  Updated : Nov 21, 2024 08:15 pm IST

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक तनाव ने सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने की मांग को एक बार फिर बढ़ा दिया है। इसके साथ ही रूस-यूक्रेन संघर्ष में परमाणु जोखिमों पर नई चिंताएं भी पैदा हो गईं।’

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी हुआ महंगा- India TV Hindi
99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी हुआ महंगा Image Source : FREEPIK

Gold Price Today: आभूषण विक्रेताओं और खुदरा दुकानदारों की ताजा खरीदारी के कारण गुरुवार को सोने की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1400 रुपये की तेज बढ़ोतरी के साथ 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी दी है। बताते चलें कि बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गिरावट के साथ 77,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी हुआ महंगा

हालांकि, गुरुवार को चांदी 93,000 रुपये प्रति किलो के भाव पर स्थिर रही। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के साथ ही आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 1400 रुपये प्रति की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद इसका भाव 78,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गिरावट के साथ 77,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।

कॉमेक्स पर भी महंगा हुआ सोना

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक तनाव ने सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने की मांग को एक बार फिर बढ़ा दिया है। इसके साथ ही रूस-यूक्रेन संघर्ष में परमाणु जोखिमों पर नई चिंताएं भी पैदा हो गईं, जिससे सोने की कीमतों में उछाल आया है।’’जतिन त्रिवेदी ने कहा कि इस स्थिति के आसपास अनिश्चितता, सोने के लिए तेजी के ट्रेंड को सपोर्ट दे रही है। ग्लोबल लेवल पर कॉमेक्स सोना वायदा 19.80 डॉलर प्रति औंस बढ़कर 2,695.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। 

अचानक सोने के भाव में क्यों आई इतनी तेजी

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘रूस और यूक्रेन के बीच संकट बढ़ने के बाद निवेशकों के सुरक्षित निवेश की ओर लौटने से सोने में तेजी आई है। हाल ही में अमेरिका में बनी लंबी दूरी की मिसाइलों से हमले के बाद यूक्रेन ने ब्रिटेन में बनी मिसाइलों को रूसी क्षेत्र में तैनात कर दिया है।’’ एशियाई बाजार में चांदी भी 0.29 प्रतिशत बढ़कर 31.53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा