1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 7 दिनों में 12,400 रुपये महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भी बंपर तेजी जारी

7 दिनों में 12,400 रुपये महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भी बंपर तेजी जारी

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 12, 2026 09:05 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 09:05 pm IST

मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपये की तेजी के साथ 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
7 दिनों में 12,400 रुपये महंगा हुआ सोना Image Source : AFP

सोने और चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को लगातार 7वें सेशन में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। मजबूत ग्लोबल ट्रेंड और बुलियन डिमांड के कारण आज सोना 2,600 रुपये और महंगा हो गया। जबकि, चांदी का भाव भी 4,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई।

1,59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा सोने का भाव

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,600 रुपये की तेज बढ़त के साथ 1,59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बताते चलें कि मंगलवार को सोने का भाव 1,200 रुपये की बढ़त के साथ 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 3 अगस्त को सोने का भाव 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था, और पिछले 7 सत्रों में इसमें 12,400 रुपये या 8.4 प्रतिशत की बढ़त हुई है। 

आज फिर 4,000 रुपये महंगी हुई चांदी

चांदी भी 4,000 रुपये बढ़कर 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपये की तेजी के साथ 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। 

सोने की कीमतों में तेजी क्यों

लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई क्योंकि निवेशकों ने अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले सुरक्षित निवेश के तौर पर खरीदारी बढ़ाई, जबकि पश्चिम एशिया में लगातार भू-राजनीतिक तनाव ने कीमती धातुओं की मांग को समर्थन दिया। 

किन फैक्टर्स पर फोकस करेंगे निवेशक

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट और डॉलर में स्थिरता ने भी कीमती धातुओं को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशकों के सतर्क रहने के कारण बढ़त सीमित रही। उन्होंने कहा, ''बाजार के लोग लगातार बढ़ती कीमतों के दबाव के संकेतों के लिए आंकड़ों का बारीकी से आकलन करेंगे, खासकर पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों को देखते हुए, जो महंगाई की चिंताओं को केंद्र में रख सकती हैं और फेडरल रिजर्व को सतर्क रुख बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित कर सकती हैं।'' 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी हुआ महंगा

उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 44.48 डॉलर या 1.02 प्रतिशत बढ़कर 4,412.63 डॉलर प्रति औंस हो गया। जबकि, चांदी 2.37 प्रतिशत बढ़कर 66.23 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

ये भी पढ़ें

सुधा ब्रांड बिहार में बेचेगा बकरी का दूध, बकरीपालकों के लिए बड़ी प्लानिंग में बिहार सरकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा