1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Rate: सोना-चांदी हुआ सस्ता, यहां जानें क्या है आज का भाव

Gold Rate: सोना-चांदी हुआ सस्ता, यहां जानें क्या है आज का भाव

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 07, 2022 07:39 pm IST,  Updated : Jun 07, 2022 07:39 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,844 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी का भाव मामूली गिरावट के साथ 22.01 डॉलर प्रति औंस रह गया।

Gold rate - India TV Hindi
Gold rate  Image Source : FILE

Gold Rate: दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 205 रुपये की गिरावट के साथ 50,733 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 50,938 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 964 रुपये लुढ़ककर 61,555 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 62,519 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में रही तेजी 

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने की कीमतों में गिरावट के बाद दिल्ली में 24 कैरेट हाजिर सोना का भाव भी 205 रुपये टूट गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,844 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी का भाव मामूली गिरावट के साथ 22.01 डॉलर प्रति औंस रह गया। पटेल ने कहा, डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी बांड आय बढ़ने से सोने की तेजी पर अंकुश लगा।

वायदा बाजार में भी गिरावट 

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे वायदा बाजार में मंगलवार को सोना 56 रुपये की गिरावट के साथ 50,814 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अगस्त महीने की डिलिवरी के लिये सोना 56 रुपये यानी 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,814 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे वायदा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 549 रुपये की गिरावट के साथ 61,750 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा