1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Silver Price: एक ही दिन में चांदी ₹4000 उछली, सोने की चमक भी हुई तेज; जानें आज के 24K, 22K, 18K गोल्ड का रेट

Gold Silver Price: एक ही दिन में चांदी ₹4000 उछली, सोने की चमक भी हुई तेज; जानें आज के 24K, 22K, 18K गोल्ड का रेट

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 16, 2026 10:44 am IST,  Updated : Apr 16, 2026 10:44 am IST

सोना और चांदी की कीमतों में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। अक्षय तृतीया से पहले बढ़ी मांग और बाजार में ताजा खरीदारी के चलते कीमती धातुओं ने जोरदार उछाल लिया है। इससे निवेशकों और खरीदारों दोनों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

सोना-चांदी की कीमतें...- India TV Hindi
सोना-चांदी की कीमतें बढ़ीं Image Source : CANVA

अक्षय तृतीया का त्योहार करीब है और भारतीय सर्राफा बाजार में अभी से इसकी हलचल दिखने लगी है। सोने और चांदी की कीमतों में आज एक बार फिर जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। खासकर चांदी की कीमतों में आई उछाल ने निवेशकों और खरीदारों दोनों को हैरान कर दिया है। एक ही दिन में चांदी की कीमतों में करीब 4000 रुपये का उछाल देखने को मिला है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज शुरुआती कारोबार में चांदी ₹3993 की भारी तेजी के साथ ₹2,55,735 प्रति किलो के स्तर तक जा पहुंची। वहीं, सोना भी करीब 861 रुपये महंगा होकर ₹1,54,809 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।

सर्राफा बाजार में क्या है आज का भाव?

गुड रिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार, खुदरा बाजार में अलग-अलग शुद्धता वाले सोने की कीमतें इस प्रकार हैं:

  • 24 कैरेट: ₹220 की तेजी के साथ ₹1,55,570 प्रति 10 ग्राम।
  • 22 कैरेट: ₹200 की तेजी के साथ ₹1,42,600 प्रति 10 ग्राम।
  • 18 कैरेट: ₹170 की तेजी के साथ ₹1,16,680 प्रति 10 ग्राम।
  • चांदी: खुदरा बाजार में चांदी ₹2,70,000 प्रति किलो के स्तर पर ट्रेड कर रही है।

देश की राजधानी दिल्ली में अक्षय तृतीया का उत्साह सबसे ज्यादा दिख रहा है। स्टॉकिस्ट की ताजा खरीदारी की वजह से बुधवार को बाजार बंद होने तक चांदी चढ़कर ₹2.57 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि सोना ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड लेवल को छू गया।

अक्षय तृतीया का इम्पैक्ट

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार में तेजी बनी हुई है। इसका मुख्य कारण घरेलू मांग है। श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड के सीएमडी चेतन थडेश्वर के अनुसार, भले ही कीमतें बढ़ रही हैं, लेकिन ग्राहकों का इरादा मजबूत है। लोग अब भारी गहनों के बजाय हल्के और डिजाइनर आभूषणों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

ग्लोबल मार्केट में आज कीमती धातुओं में सुस्ती देखी गई। हाजिर सोना करीब 1 फीसदी गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, वहीं चांदी भी टूटकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर रही। हालांकि, घरेलू बाजार में त्योहारी सीजन और शादियों की मांग इस गिरावट पर भारी पड़ रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा