1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने-चांदी की जूलरी में वेस्टेज की मात्रा को लेकर आया सरकार का यह नया फैसला, जानिए डिटेल

सोने-चांदी की जूलरी में वेस्टेज की मात्रा को लेकर आया सरकार का यह नया फैसला, जानिए डिटेल

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : May 29, 2024 06:48 am IST,  Updated : May 29, 2024 06:49 am IST

मंगलवार को चांदी की कीमत 3,100 रुपये के उछाल के साथ 95,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। जबकि सोना 130 रुपये मजबूत हुआ।

गोल्ड-सिल्वर जूलरी पर...- India TV Hindi
गोल्ड-सिल्वर जूलरी पर वेस्टेज चार्ज Image Source : FILE

सरकार ने मंगलवार को आभूषणों के निर्यात में सोना, चांदी और प्लैटिनम सामग्री के लिए अनुमति प्राप्त नुकसान यानी वेस्टेज की मात्रा के नए मानदंडों पर 31 जुलाई, 2024 तक रोक लगा दी है। इन मानदंडों के लिए अधिसूचना एक दिन पहले जारी की गई थी। नए मानकों पर रत्न और आभूषण उद्योग ने गंभीर चिंता जताई थी। सरकार ने सोमवार को सोने और चांदी के आभूषणों के निर्यात के संबंध में ‘वेस्टेज’ की स्वीकार्य मात्रा और मानक कच्चा माल तथा तैयार माल से संबंधित संशोधित मानदंडों को अधिसूचित किया था।

इंडस्ट्री की ली जाएगी राय

उद्योग ने दावा किया कि मानदंडों को बिना किसी परामर्श के अधिसूचित किया गया था। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने मंगलवार को कहा कि अब संशोधित मानदंडों के संबंध में उद्योग की एक बार फिर राय ली जाएगी। निदेशालय ने कहा कि इस विषय पर उद्योग से पांच मार्च और 21 मार्च को राय ली गई थी।

31 जुलाई तक लगाई रोक

डीजीएफटी ने कहा कि उद्योग और रत्न तथा आभूषण निर्यात परिषद एक महीने के भीतर संबंधित मानदंड समिति को अपने सुझाव दे सकते हैं। निदेशालय ने एक सार्वजनिक नोटिस में कहा, ‘‘ऐसे में डीजीएफटी 27 मई, 2024 की सार्वजनिक सूचना को तत्काल प्रभाव से 31 जुलाई, 2024 तक स्थगित करता है।’’ इस बीच, 27 मई की नोटिस से पहले मौजूद अपशिष्ट मानदंड लागू रहेंगे।

सोने-चांदी का भाव

मजबूत वैश्विक रुख के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 3,100 रुपये के उछाल के साथ 95,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। जबकि सोना 130 रुपये मजबूत हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, लगातार दूसरे दिन चांदी में मजबूती आई। इसकी कीमत 3,100 रुपये के उछाल के साथ करीब दो सप्ताह के उच्चस्तर 95,950 रुपये प्रति किग्रा हो गई।  इस बीच, सोना 130 रुपये मजबूत होकर 72,950 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (कमोडिटी मार्केट) में हाजिर सोना 2,346 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से दो डॉलर अधिक है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा