1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इस राज्य में स्कूटी खरीदने पर मिलेगी 25000 की छूट, सरकार ने बजट में की बड़ी घोषणा

इस राज्य में स्कूटी खरीदने पर मिलेगी 25000 की छूट, सरकार ने बजट में की बड़ी घोषणा

 Published : Mar 17, 2023 02:55 pm IST,  Updated : Mar 17, 2023 02:55 pm IST

राज्य के सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिहाज से हिमाचल प्रदेश को एक आदर्श राज्य बनाया जाएगा। डीजल से चलने वाली कुल 1,500 बसों को 1,000 करोड़ रुपये की लागत से बदला जाएगा।

Himachal CM Sukkhu- India TV Hindi
Himachal CM Sukkhu Image Source : PTI

देश के विभिन्न राज्यों में बजट घोषणा का दौर जारी है। इसी क्रम में आज पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में वहां की कांग्रेस सरकार ने आज वित्त वर्ष 2023-24 के लिए बजट पेश किया है। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य विधानसभा में अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करते हुए घोषणा की है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 20,000 लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर 25,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। 

मुख्यमंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य के सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिहाज से हिमाचल प्रदेश को एक आदर्श राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजल से चलने वाली कुल 1,500 बसों को 1,000 करोड़ रुपये की लागत से बदला जाएगा। 

पर्यटन राजधानी होगा कांगड़ा जिला 

प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के तौर पर विकसित करने और सभी 12 जिलों को अगले एक वर्ष के दौरान हेलिपोर्ट सुविधा से जोड़ने की भी घोषणा की गई। हालांकि 2022-23 के दौरान राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि घटकर 6.4 प्रतिशत रह गई जो 2021-22 के दौरान 7.6 प्रतिशत थी। संशोधित वेतनमान के बकाये और 11,000 करोड़ रुपये के महंगाई भत्ते के भुगतान के कारण राज्य पर 75,000 करोड़ रुपये का भारी कर्ज और अन्य देनदारियां हैं। 

महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये

2022-23 के लिए 13,141 करोड़ रुपये की अनुदान की पूरक मांगों को 15 मार्च को सदन ने पारित किया था। सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के कल्याण की खातिर काम करने आई है और इसी क्रम में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया गया है। सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। पहले चरण में, 2,31,000 महिलाओं को वादे के मुताबिक प्रतिमाह 1,500 रुपये दिए जाएंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा