1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जबरदस्त उछाल से ऑल टाइम हाई पर पहुंचा देश का खजाना, जानिए पाकिस्तान का क्या है हाल

जबरदस्त उछाल से ऑल टाइम हाई पर पहुंचा देश का खजाना, जानिए पाकिस्तान का क्या है हाल

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jul 12, 2024 08:17 pm IST,  Updated : Jul 12, 2024 08:17 pm IST

India foreign exchange reserves : भारत का विदेशी मुद्रा भंडार ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया है। स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 90.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 57.43 अरब डॉलर रहा।

भारत का विदेशी मुद्रा...- India TV Hindi
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : REUTERS

देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच जुलाई को समाप्त सप्ताह में 5.16 अरब डॉलर उछलकर 657.16 अरब के डॉलर ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में कुल मु्द्रा भंडार 1.71 अरब डॉलर घटकर 651.99 अरब डॉलर रहा था। इस वर्ष सात जून को विदेशी मुद्रा भंडार 655.82 अरब डॉलर तक गया था। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, पांच जुलाई को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.23 अरब डॉलर बढ़कर 577.11 अरब डॉलर हो गयी।

स्वर्ण भंडार में हुआ इजाफा

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 90.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 57.43 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.04 अरब डॉलर हो गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 40 लाख डॉलर बढ़कर 4.58 अरब डॉलर हो गयी।

पाकिस्तान के मुद्रा भंडार में भी हुआ इजाफा

स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के पास मौजूद विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है। यह 5 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 16 मिलियन डॉलर बढ़कर 9.405 अरब डॉलर हो गया। आईएमएफ ने पाकिस्तान को अपना मुद्रा भंडार सुधारने के लिये फोर्स किया है। पाकिस्तान का कुल विदेशी मुद्रा भंडार इस सप्ताह में 14.64 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा