1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में जबरदस्त गिरावट, लगातार 7वें हफ्ते घटा फॉरेक्स रिजर्व

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में जबरदस्त गिरावट, लगातार 7वें हफ्ते घटा फॉरेक्स रिजर्व

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 22, 2024 08:44 pm IST,  Updated : Nov 22, 2024 08:44 pm IST

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 15.55 अरब डॉलर घटकर 569.83 अरब डॉलर हो गई।

विदेशी मुद्रा भंडार में कई हफ्तों से जारी है गिरावट - India TV Hindi
विदेशी मुद्रा भंडार में कई हफ्तों से जारी है गिरावट Image Source : REUTERS

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में डेढ़ महीने पहले शुरू हुई गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। 15 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 17.76 अरब डॉलर की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद ये घटकर 657.89 अरब डॉलर पर आ गया। बताते चलें कि ये लगातार 7वां हफ्ता है, जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। बताते चलें कि 27 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12.59 अरब डॉलर की बंपर बढ़त के साथ 704.88 अरब डॉलर के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था। उसके बाद से ही इसमें लगातार गिरावट देखी जा रही है।

विदेशी मुद्रा भंडार में कई हफ्तों से जारी है गिरावट 

8 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 6.48 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 675.65 अरब डॉलर पर आ गया था। उससे पहले, 1 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.67 अरब डॉलर घटकर 682.13 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था। उससे पिछले हफ्ते यानी 25 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.46 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट के साथ 684.80 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

विदेशी मुद्रा आस्तियों में भी 15.55 अरब डॉलर की गिरावट

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 15.55 अरब डॉलर घटकर 569.83 अरब डॉलर हो गई। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में भी गिरावट

इस दौरान भारत के स्वर्ण भंडार यानी गोल्ड रिजर्व की वैल्यू भी 2.07 अरब डॉलर घटकर 65.75 अरब डॉलर हो गई। इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 9.4 करोड़ डॉलर घटकर 18.06 अरब डॉलर रहा। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 15 नवंबर को खत्म हुए हफ्ते में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 5.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.25 अरब डॉलर पर आ गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा