1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट, उधर पाकिस्तान के खजाने में हो गई बढ़ोतरी, देखिए आंकड़े

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट, उधर पाकिस्तान के खजाने में हो गई बढ़ोतरी, देखिए आंकड़े

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 13, 2024 06:43 pm IST,  Updated : Dec 13, 2024 07:22 pm IST

सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, छह दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.23 अरब डॉलर घटकर 565.62 अरब डॉलर रही।

विदेशी मुद्रा भंडार- India TV Hindi
विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : FILE

देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 3.23 अरब डॉलर घटकर 654.86 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.51 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 658.09 अरब डॉलर हो गया था। सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, छह दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.23 अरब डॉलर घटकर 565.62 अरब डॉलर रही।

गोल्ड रिजर्व भी घटा

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.3 करोड़ डॉलर घटकर 66.93 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (SDR) 2.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.03 अरब डॉलर रहा। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.27 अरब डॉलर रहा।

पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में हुआ इजाफा

उधर गले तक कर्ज में डूबे पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 13 मिलियन डॉलर बढ़ा है। बैंक ने कहा कि 6 दिसंबर को समाप्त हुए सप्ताह में बैंक का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 12 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, कमर्शियल बैंकों के पास रखा विदेशी भंडार 4.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस तरह पाकिस्तान का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 16.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

(पीटीआई/भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा