ईरान युद्ध से गैस सप्लाई में अड़चन आने के बाद बुधवार को देश के कई शहरों में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से हालात चिंताजनक हो गए हैं। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इसी बीच भारत अपनी जरूरत का कच्चा तेल दुनिया के करीब 40 देशों से आयात करता है। इससे किसी एक क्षेत्र में संकट आने पर सप्लाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। सरकार ने साफ किया है कि देश में घरेलू PNG और वाहनों के लिए CNG की सप्लाई 100 फीसदी सामान्य है।
- Hindi News
- पैसा
- बिज़नेस
- LPG Cylinder Shortage: दुनिया में संकट, लेकिन भारत तैयार! 40 देशों से आ रहा तेल, PNG और CNG की सप्लाई 100% जारी
LPG Cylinder Shortage: दुनिया में संकट, लेकिन भारत तैयार! 40 देशों से आ रहा तेल, PNG और CNG की सप्लाई 100% जारी
देश के कई हिस्सों में लोगों को एलपीजी का सिलेंडर तुरंत उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। अचानक बुकिंग को लेकर नए आदेश के बाद लोग गैल की किल्लत का सामना कर रहे हैं। कॉमर्शियल सिलेंडर को लेकर तो भारी कमी है, जिससे कई रेस्टोरेंट और ढाबे प्रभावित हुए हैं।
LPG Cylinder Shortage Today
-
10:35 PM (IST) Mar 11, 2026
बंदरगाहों पर बढ़ा दबाव
ऊर्जा सुरक्षा को लेकर PHDCCI के सीईओ और सेक्रेटरी जनरल रंजीत मेहता ने कहा कि किसी भी युद्ध का असर सामान्य जीवन पर पड़ता है। मौजूदा युद्ध की वजह से ऊर्जा सुरक्षा पर भी असर दिख रहा है और कई सेक्टर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंदरगाहों पर भी अव्यवस्था की स्थिति है और कई ऐसे कारोबार हैं जो गैस सप्लाई पर निर्भर करते हैं। इसलिए गैस की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि जब तक यह युद्ध चलता रहेगा, तब तक इस तरह की परेशानियां बनी रह सकती हैं।
-
8:27 PM (IST) Mar 11, 2026
भारत ने खरीदा 30 मिलियन बैरल रूसी कच्चा तेल
अमेरिका की ओर से भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए 30 दिनों की छूट दिए जाने के बाद भारत ने रूस से करीब 30 मिलियन बैरल कच्चे तेल की खरीदारी की है। इस दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने स्पॉट मार्केट में उपलब्ध रूसी क्रूड के ज्यादातर अनबिके कार्गो खरीद लिए। ट्रेडर्स के अनुसार, करीब 10 मिलियन बैरल तेल इंडियन ऑयल ने खरीदा है, जबकि लगभग इतनी ही मात्रा रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी खरीदी है।
-
6:32 PM (IST) Mar 11, 2026
गैस सिलेंडर बुकिंग पर नया नियम
LPG की कीमतों को लेकर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि बढ़ती लागत का बड़ा हिस्सा सरकार ने खुद वहन किया है ताकि उपभोक्ताओं पर ज्यादा बोझ न पड़े। साथ ही मांग को बैलेंस रखने के लिए अस्थायी तौर पर गैस सिलेंडर की बुकिंग के बीच का न्यूनतम अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
-
5:50 PM (IST) Mar 11, 2026
गैस सिलेंडर पर नया प्लान तैयार!
भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि फिलहाल एलपीजी की आपूर्ति को घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रायोरिटी दी जा रही है। गैर-घरेलू एलपीजी की सप्लाई में अस्पतालों और स्कूल-कॉलेज जैसे जरूरी संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध एलपीजी का सही और पारदर्शी तरीके से वितरण हो, इसके लिए सरकार राज्य सरकारों और उद्योग से जुड़े संगठनों के साथ मिलकर योजना बना रही है।
-
4:22 PM (IST) Mar 11, 2026
अयोध्या में राम रसोई सेवा अस्थायी रूप से स्थगित
अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में अमावा मंदिर प्रबंधन ने एक नोटिस जारी कर बताया है कि देश में कुकिंग गैस की कमी के कारण आपात स्थिति को देखते हुए आज की ‘राम रसोई’ सेवा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। वहीं, राम रसोई स्थल से सामने आए दृश्यों में बहुत कम लोग नजर आ रहे हैं।
-
3:13 PM (IST) Mar 11, 2026
LPG संकट के बीच ट्रेन में यूज होगा माइक्रोवेव-इंडक्शन
देश में एलपीजी सिलेंडरों की कमी का असर अब भारतीय रेल की खानपान सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। रेलवे ट्रेनों में फिलहाल पका हुआ खाना परोसने की सेवा अस्थायी रूप से बंद करने और जिन यात्रियों ने टिकट के साथ पहले से खाना बुक किया है उन्हें रिफंड देने पर विचार कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईआरसीटीसी ने अपने कैटरिंग लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया है कि यात्रियों को भोजन सेवा में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए।
-
2:12 PM (IST) Mar 11, 2026
पुडुचेरी के होटलों के बंद होने का खतरा
इंडस्ट्री के जानकारों ने बुधवार को कहा कि कमर्शियल LPG सिलेंडर न मिलने की वजह से पुडुचेरी के होटलों के बंद होने का खतरा है, क्योंकि दूसरे तरीकों से इस टूरिस्ट हब में हालात से निपटने में मदद नहीं मिल सकती है। यहां होटल एसोसिएशन के एक प्रवक्ता ने बताया कि अब "लाचारी वाली स्थिति" बन गई है और होटल मालिकों ने कई कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर होटल या तो लकड़ी जलाकर खाना बनाने लगे हैं या हालात को संभालने के लिए काम के घंटे कम कर रहे हैं, साथ ही इलेक्ट्रिक कुकर भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
-
1:08 PM (IST) Mar 11, 2026
दिल्ली के निजामुद्दीन में छोटे रेस्टोरेंट चलाने वाले परेशान
राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन में छोटे रेस्टोरेंट चलाने वाले लोगों के सामने भी एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। रमजान का महीना चल रहा है औऱ गैस आपूर्ति बाधित होने से यहां के होटल मालिक कह रहे हैं कि कुछ खाने के होटल बंद हो गए हैं जबकि कुछ होने की कगार पर हैं। यहां अब होटलो में गैस की आपूर्ति ठप्प पड़ गई है।
-
1:05 PM (IST) Mar 11, 2026
सिलेंडर की कोई शॉर्टेज नहीं-मोहाली
मोहाली के एसडीएम अमित गुप्ता ने कहा है कि कहीं भी सिलेंडर की कोई शॉर्टेज नहीं हैं सब कुछ सामान्य चल रहा है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि पैनिक में आने की जरूरत नहीं है। एक साथ काफी लोग कॉल कर रहे हैं इस वजह से सर्वर डाउन हो रहे हैं। कालाबाज़ारी की अभी तक कोई शिकायत फिलहाल नहीं आई है। हमारे नोडल ऑफिसर लगातार चेक कर रहे हैं लेकिन अभी तक इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
-
12:42 PM (IST) Mar 11, 2026
लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में जबरदस्त लाइन
लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में कोई सुबह 7:00 बजे से लाइन में लगा है। कोई 9:00 बजे से लगा है। किसी ने गैस 10 दिन पहले बुक की थी। किसी ने 5 दिन पहले बुक की थी। किसी ने एक महीने पहले बुक की थी, लेकिन लोगों के हाथों में अभी तक गैस सिलेंडर नहीं पहुंचा है, सिलेंडर मिलेगा या नहीं, मिलेगा तो कब मिलेगा इसका किसी के पास फिलहाल माकुल जवाब नहीं है। ज्यादातर लोग कह रहे हैं कि उनके घरों में सिलेंडर खत्म हो चुका है खाना बनाने के लिए पड़ोसी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कोई कह रहा है इंडक्शन का इस्तेमाल कर रहे हैं, कोई कह रहा है भट्टी पर खाना बना रहे हैं, लेकिन घर में सिलेंडर न होने की वजह से परेशानी बहुत बढ़ गई है।
-
12:37 PM (IST) Mar 11, 2026
छत्तीसगढ़ में LPG की कोई कमी नहीं
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि LPG, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है, इसकी कोई कमी नहीं है।
-
12:17 PM (IST) Mar 11, 2026
बिहार के सुपौल में फूटा लोगों का गुस्सा
बिहार के सुपौल में LPG गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने त्रिवेणीगंज–पिपरा मुख्य सड़क मार्ग पर बघला के पास NH-327E को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह दस दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
-
12:10 PM (IST) Mar 11, 2026
सिलेंडर बुक करने के लिए कॉल नहीं लग रहा
मोहाली के जीरकपुर में गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतारें हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि वो लगातार सिलेंडर बुक करने के लिए कॉल कर रहे हैं लेकिन नंबर बंद आ रहे हैं। महिलाएं बुज़ुर्ग तमाम लोग सिलेंडर को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि वो सुबह से यहां पर खड़े हैं लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा, वहीं एजेंसी का कहना है कि पहले ही कम लॉग ऑन करके सिलेंडर बुक कराते थे इसलिए कोई दिक्कत नहीं होती थी लेकिन अब लोगों के अंदर काफी ज्यादा पैनिक है एक साथ काफी लोग सिलेंडर बुक करवा रहे हैं जिससे सर्वर डाउन हो रहा है।
-
12:07 PM (IST) Mar 11, 2026
नोएडा में एलपीजी सिलेंडर के लिए मचा हाहाकार!
नोएडा के सेक्टर 54 और सेक्टर 63 स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन है। गैस सिलेंडर की चाहत में उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगे हुए हैं। कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो कल भी आए थे लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया था। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी कमर्शियल सिलेंडर की है। कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हो रही है। कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक न के बराबर है जिस वजह से होटल रेस्टोरेंट में सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं जिसकी वजह से कई होटल बंद भी है।
-
12:06 PM (IST) Mar 11, 2026
कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा-सहयोग करना होगा
कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के एच मुनियप्पा ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर को लेकर दिक्कत है, हम अभी उनकी मदद कर पाने की स्थिति में नहीं हैं उन्हें सहयोग करना होगा। कमर्शियल सिलेंडर को लेकर पहली प्राथमिकता हॉस्पिटल और शिक्षण संस्थानों को दी जाएगी। घरेलू एलपीजी को लेकर अभी दिक्कत नहीं है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने हर महीना कम से कम एक सिलेंडर देने का आश्वासन दिया है, ग्राहकों से अपील है कि वो इन हालातों में गैस का सावधानी पूर्वक इस्तेमाल करें। ब्लैक मार्केट करने वाले के खिलाफ एसेंशियल कोमोडिटी एक्ट लगाने का फैसला किया गया है ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
-
11:58 AM (IST) Mar 11, 2026
मुंबई में वक्त पर नहीं हो रही डिलीवरी
मुंबई में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी समय पर नहीं हो पा रही। एचपी के ग्राहक हो या भारत पेट्रोलियम के, चार से पांच दिनों क़ी बुकिंग होने के बाद भी डिलीवरी नहीं हो पा रही। जिसके चलते लोग खुद ही गोदाम पहुंचकर बाइक से सिलेंडर घर ले जा रहे हैं। लोगों कहना है कि पहले बुकिंग के दूसरे दिन ही सिलेंडर घर पहुंचा दिया जाता था लेकिन फिलहाल गैस एजेंसी की ओर से भी यह कहा जा रहा है कि गैस सिलेंडर की डिलवरी में देर हो सकती है।
-
11:48 AM (IST) Mar 11, 2026
भोपाल में सिलेंडर के लिए जुट रही भीड़
भोपाल के जवाहर चौक इलाके में इंडेन गैस की एजेंसी पर भी जमा भारी भीड़ देखी जा रही है। सिलेंडर बुक करने के लिए जो नंबर दिया जा रहा वह बंद आ रहा। इस वजह से लोगों में नाराजगी है। एजेंसी संचालक आरके डिस्ट्रीब्यूटर के मालिक आरके गुप्ता के मुताबिक 2200 ग्राहक हैं सभी एक साथ कॉल कर रहे। सर्वर ट्रैफिक डाउन हो रहा है।
-
11:45 AM (IST) Mar 11, 2026
मंत्री ने कहा - घबराने की कोई बात नहीं
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और घबराने की कोई बात नहीं है।
-
11:40 AM (IST) Mar 11, 2026
शहर-शहर गैस सिलेंडर का इंतजार
देश के तमाम शहरों और इलाकों में लोग घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इसके लिए वह घंटों कतार में खड़े हैं। लोग एजेंसी की लगातार शिकायत कर रहे हैं।