1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मालदीव की हेकड़ी निकली! भारत ने सरकारी आग्रह पर इन सामानों के निर्यात को मंजूरी दी

मालदीव की हेकड़ी निकली! भारत ने सरकारी आग्रह पर इन सामानों के निर्यात को मंजूरी दी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 06, 2024 01:57 pm IST,  Updated : Apr 06, 2024 01:57 pm IST

मालदीव के विदेश मंत्री ने लिखा, “मैं वर्ष 2024 और 2025 के दौरान मालदीव को भारत से आवश्यक वस्तुओं का आयात करने में सक्षम बनाने के लिए कोटा के नवीनीकरण के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारत सरकार को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं।”

Maldives President Mohammed Muizzu- India TV Hindi
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू Image Source : AP

मालदीव की हेकड़ी निकल गई है। अब संकट से बाहर निकालने के भारत के सामने मदद का हाथ बढ़ाया है। भारत ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए मदद देने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि मोहम्मद मुइज्जू के सत्ता में आने के बाद से भारत और मालदीव के रिश्ते काफी खराब हुए हैं। इसके बावजूद भारत ने मालदीव को आवश्यक वस्तुओं के निर्यात की अनुमति दे दी है। इस पर मालदीव के विदेश मंत्री मूसा जमीर ने शनिवार को आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला दीर्घकालिक द्विपक्षीय मित्रता और व्यापार एवं वाणिज्य को बढ़ाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। 

मालदीव सरकार के आग्रह पर दी गई मंजूरी

भारत ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष के दौरान मालदीव को अंडे, आलू, प्याज, चावल, गेहूं का आटा, चीनी और दाल जैसी कुछ वस्तुओं की निर्दिष्ट मात्रा के निर्यात पर प्रतिबंध हटा दिया था। भारतीय उच्यायुक्त ने शुक्रवार को यहां कहा कि मालदीव सरकार के आग्रह पर भारत ने 2024-25 के लिए जरूरी वस्तुओं की निर्दिष्ट मात्रा में निर्यात की अनुमति दी है। भारतीय दूतावास ने एक अधिसूचना में कहा कि साल 1981 में इस व्यवस्था के लागू होने के बाद से निर्यात के लिए स्वीकृत मात्रा सबसे अधिक हैं। जमीर ने इस कदम के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भारत को धन्यवाद किया। 

विदेश मंत्री ने लिखा, तहे दिल से धन्यवाद

मालदीव के विदेश मंत्री ने लिखा, “मैं वर्ष 2024 और 2025 के दौरान मालदीव को भारत से आवश्यक वस्तुओं का आयात करने में सक्षम बनाने के लिए कोटा के नवीनीकरण के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारत सरकार को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने लिखा, “यह वास्तव में एक संकेत है, जो हमारे दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मित्रता और द्विपक्षीय व्यापार एवं वाणिज्य को और अधिक बढ़ाने की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है।” विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जमीर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत अपने पड़ोसियों को सर्वाधिक महत्व देने लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा