1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 140 रुपये का डिविडेंड देगी ये ऑटो कंपनी, कमाई करने का आज आखिरी मौका

140 रुपये का डिविडेंड देगी ये ऑटो कंपनी, कमाई करने का आज आखिरी मौका

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 06, 2026 11:00 am IST,  Updated : Aug 06, 2026 11:00 am IST

मारुति सुजुकी द्वारा 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर दिया जा रहा 140 रुपये का ये डिविडेंड, कंपनी के डिविडेंड हिस्ट्री में अभी तक का सबसे बड़ा डिविडेंड है।

maruti suzuki, maruti suzuki share price, dividend, maruti suzuki dividend- India TV Hindi
एक शेयर पर मिलेगा 140 रुपये का डिविडेंड Image Source : PIXABAY/ INDIA TV

देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया अपने शेयरहोल्डरों को प्रत्येक शेयर पर 140 रुपये का डिविडेंड देने जा रही है। इस डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए निवेशकों के पास आज बाजार बंद होने तक का ही मौका है। बताते चलें कि मारुति सुजुकी अपने शेयरहोल्डरों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ये डिविडेंड देने जा रही है, जिसकी घोषणा अप्रैल 2026 में बीते वित्त वर्ष के वित्तीय नतीजे घोषित करने के साथ ही की गई थी।

अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड देने जा रही है मारुति सुजुकी

मारुति सुजुकी द्वारा 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर दिया जा रहा 140 रुपये (2,800 प्रतिशत) का ये डिविडेंड, कंपनी के डिविडेंड हिस्ट्री में अभी तक का सबसे बड़ा डिविडेंड है। इससे पहले, कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में शेयरहोल्डरों को प्रत्येक शेयर पर 135 रुपये का डिविडेंड दिया था। वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजों की घोषणा करने के साथ डिविडेंड का ऐलान करते हुए कंपनी ने बताया कि इस फाइनल डिविडेंड के लिए 7 अगस्त को रिकॉर्ड डेट फिक्स की गई है।

7 अगस्त को एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे कंपनी के शेयर

शुक्रवार, 7 अगस्त को मारुति सुजुकी के शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे। जिस दिन किसी कंपनी के शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करते हैं, उस दिन खरीदे गए नए शेयरों पर डिविडेंड का लाभ नहीं मिलता है। अगर किसी निवेशक को डिविडेंड का लाभ चाहिए तो उसे रिकॉर्ड डेट से एक दिन पहले ही शेयर खरीदने होते हैं। यानी आपके पास मारुति सुजुकी इंडिया द्वारा दिए जाने वाले 140 रुपये के डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए आज बाजार बंद होने तक का ही समय है।

गुरुवार को मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं शेयर

गुरुवार को सुबह 10.52 बजे बीएसई पर मारुति सुजुकी के शेयर 0.28 प्रतिशत (39.15 रुपये) की गिरावट के साथ 14,120.85 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे। खबर लिखे जाने तक मारुति सुजुकी के शेयर 14,056.30 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 14,219.95 इंट्राडे हाई तक पहुंच चुके थे। बताते चलें कि बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 17,371.60 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 12,202.10 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया का मौजूदा मार्केट कैप 4,43,496.27 करोड़ रुपये है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

ये भी पढ़ें

6 August, 2026 Stock Market Updates: मामूली बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, लाल निशान में खुले ये बड़े स्टॉक्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा