1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत की भारी गिरावट, डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद लगा लोअर सर्किट

कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत की भारी गिरावट, डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद लगा लोअर सर्किट

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 23, 2026 08:22 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 08:22 pm IST

एनालिस्ट्स ने कहा कि ईरान की एनर्जी इंफ्रा पर संभावित हमलों को रोकने के अमेरिका के फैसले के बाद भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बाद तेज बदलाव आया है। वैश्विक बाजारों में भी कच्चे तेल कीमतों में गिरावट देखी गई।

crude oil, crude oil price, mcx, donald trump, iran, us iran war, israel iran war- India TV Hindi
कच्चे तेल के दाम गिरे Image Source : AFP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि ईरान के पावर प्लांट और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर अगले 5 दिनों तक किसी तरह का कोई हमला नहीं किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में शुरुआती बढ़त न सिर्फ खत्म हो गई, बल्कि इसमें लोअर सर्किट भी लग गया। सोमवार को, ट्रंप के बयान के बाद वायदा कारोबार में कच्चे तेल की कीमतें 9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,431 रुपये प्रति बैरल पर आ गई।

MCX पर कच्चे तेल की कीमतों में 9 प्रतिशत की गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कच्चे तेल का अप्रैल में डिलिवरी वाला कॉन्ट्रैक्ट शुरुआत में 362 रुपये (4 प्रतिशत) की तेजी के साथ 9,620 रुपये प्रति बैरल के इंट्राडे हाई को छू गया था। हालांकि, बाद में कीमतों का रुख पलट गया और ये 827 रुपये (9 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 8,431 रुपये प्रति बैरल तक आ गया, जो डेली ट्रेड का लोअर सर्किट था। एनालिस्ट्स ने कहा कि ईरान की एनर्जी इंफ्रा पर संभावित हमलों को रोकने के अमेरिका के फैसले के बाद भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बाद तेज बदलाव आया है। वैश्विक बाजारों में भी कच्चे तेल कीमतों में गिरावट देखी गई। 

वैश्विक बाजारों में भी गिरे भाव

वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चे तेल का मई डिलिवरी वाला कॉन्ट्रैक्ट 7.24 डॉलर या 7.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 90.99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि मई डिलिवरी वाले ब्रेंट क्रूड का भाव 6.70 डॉलर या 6.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.71 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में क्या कहा

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने बयान में कहा, ''मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व में हमारी आपसी दुश्मनी को पूरी तरह से खत्म करने के संबंध में बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इन गहरी, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत के मिजाज और लहजे को देखते हुए, जो पूरे हफ्ते जारी रहेंगी, मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि वे ईरान के पावर प्लांटों और एनर्जी इंफ्रा के खिलाफ किसी भी और सभी सैन्य हमलों को 5 दिनों के लिए टाल दें। ये फैसला चल रही बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा