1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी को मिला रिलायंस में बड़ा पद, अब देखेंगे यह काम

मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी को मिला रिलायंस में बड़ा पद, अब देखेंगे यह काम

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Apr 26, 2025 04:12 pm IST,  Updated : Apr 26, 2025 04:12 pm IST

अनंत के भाई-बहन, आकाश अंबानी और ईशा अंबानी, वर्तमान में रिलायंस बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आकाश ग्रुप की दूरसंचार और डिजिटल सेवा शाखा, रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन भी हैं।

अनंत अंबानी- India TV Hindi
अनंत अंबानी Image Source : FILE

मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अनंत अंबानी को पूर्णकालिक डायरेक्टर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 1 मई, 2025 से शुरू होकर पांच साल की अवधि के लिए होगी। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "कंपनी के निदेशक मंडल ने आज हुई अपनी बैठक में एचआर, एनरोलमेंट और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर विचार करते हुए कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक अनंत एम. अंबानी को कंपनी का पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया गया है।"

पहले थे गैर-कार्यकारी निदेशक

इस नई भूमिका से पहले अनंत अंबानी रिलायंस के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे। वे जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस रिटेल वेंचर्स, रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी जैसी कई रिलायंस समूह की कंपनियों के बोर्ड का हिस्सा हैं। अनंत सितंबर 2022 से रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड मेंबर भी रहे हैं। उन्होंने वनतारा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा पशु बचाव और पुनर्वास केंद्र माना जाता है।

आकाश और ईशा के पास है यह जिम्मेदारी

अनंत के भाई-बहन, आकाश अंबानी और ईशा अंबानी, वर्तमान में रिलायंस बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आकाश ग्रुप की दूरसंचार और डिजिटल सेवा शाखा, रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन भी हैं। वहीं, ईशा ग्रुप की रिटेल शाखा  रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक हैं।

इस फर्म ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट की सलाह दी थी

2023 में ब्लूमबर्ग न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक अंतरराष्ट्रीय प्रॉक्सी सलाहकार फर्म, इंस्टीट्यूशनल शेयरहोल्डर सर्विसेज इंक. ने उम्र संबंधी चिंताओं के कारण अनंत अंबानी को बोर्ड में नियुक्त करने के प्रस्ताव के खिलाफ वोट करने के लिए शेयरधारकों को सलाह दी थी। रिपोर्ट में आईएसएस के हवाले से कहा गया, "इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट करना उचित है, क्योंकि अनंत अंबानी का लगभग छह वर्षों का सीमित नेतृत्व/बोर्ड अनुभव, बोर्ड में उनके संभावित योगदान पर चिंताएं बढ़ाता है।" हालांकि, प्रॉक्सी सलाहकार फर्म ने आकाश अंबानी और ईशा अंबानी की नियुक्ति का समर्थन किया था।

इस फर्म ने किया समर्थन

इस बीच, रिपोर्ट में आगे उल्लेख किया गया है कि एक अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रॉक्सी फर्म, ग्लास लुईस ने अनंत की नियुक्ति का समर्थन किया। रिपोर्ट में ग्लास लुईस के एशिया-प्रशांत अनुसंधान निदेशक डेकी विंडार्टो के हवाले से कहा गया, "हम अनुभव के आधार पर अन्य भाई-बहनों से अनंत अंबानी को अलग नहीं करते हैं।" उन्होंने कहा, "हमने नोट किया कि चुनाव के लिए खड़े अन्य दो निदेशक अनंत से केवल तीन साल बड़े हैं, जिनके पास समान पेशेवर अनुभव हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा