Sunday, February 22, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. CNG भरवाने के लिए पंपों पर टूट पड़ी गाड़ियों की भारी भीड़, ओला-उबर ने बढ़ाया किराया- जानें वजह

CNG भरवाने के लिए पंपों पर टूट पड़ी गाड़ियों की भारी भीड़, ओला-उबर ने बढ़ाया किराया- जानें वजह

Edited By: Sunil Chaurasia Published : Nov 17, 2025 05:00 pm IST, Updated : Nov 17, 2025 05:00 pm IST

गैस सप्लाई प्रभावित होने की वजह से ओला और उबर ने टैक्सी का किराया बढ़ा दिया है।

cng, cng price, cng vehicles, ola, ola cabs, uber, taxi, bus, mumbai, mumbai news- India TV Paisa
Photo:PTI गैस सप्लाई में दिक्कत आने की वजह से कई पंप ठप

सोमवार को मुंबई में सीएनजी पंपों पर गैस भरवाने के लिए गाड़ियों की भारी भीड़ टूट पड़ीं। दरअसल, मुंबई में सोमवार को एक प्रमुख सीएनजी पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस सप्लाई पर बुरा असर पड़ा, जिसकी वजह से हजारों ऑटोरिक्शा, टैक्सी और अन्य सीएनजी से चलने वाली गाड़ियों पर गहरा असर देखने को मिला। सीएनजी पंपों पर गैस भरवाने के लिए गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। एक स्थानीय पेट्रोल विक्रेता संगठन के प्रतिनिधि ने बताया कि कम गैस प्रेशर के कारण मुंबई के कई सीएनजी पंप सुबह से ही बंद हैं। शहर में ऐप बेस्ड टैक्सी सर्विस देने वाले ओला और उबर के साथ-साथ अन्य साधारण टैक्सी, ऑटोरिक्शा और सरकारी बसें महानगर गैस लिमिटेड (MGL) द्वारा सप्लाई की जाने वाली सीएनजी पर निर्भर हैं। 

RCF परिसर के अंदर क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गैस सप्लाई प्रभावित होने की वजह से ओला और उबर ने टैक्सी का किराया बढ़ा दिया है। रविवार रात जारी एक बयान में MGL ने कहा कि राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक (RCF) परिसर के अंदर गेल की मुख्य गैस सप्लाई पाइपलाइन को किसी तीसरे पक्ष द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के कारण गैस सप्लाई में भारी समस्या आ खड़ी हुई। इसकी वजह से वडाला स्थित सिटी गेट स्टेशन तक सीएनजी की सप्लाई प्रभावित हुई, जो मुंबई में गैस सीएनजी गैस सप्लाई का एक प्रमुख प्रवेश बिंदु है। गैस सप्लाई प्रभावित होने से पूरे नेटवर्क में दबाव कम हो गया। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई सीएनजी स्टेशन सीमित क्षमता पर काम कर रहे हैं या अस्थायी रूप से बंद हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप, जिन पंपों पर सीएनजी गैस उपलब्ध है, वहां गैस भरवाने वाली गाड़ियों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई है। 

गैस सप्लाई में दिक्कत आने की वजह से कई पंप ठप 

पेट्रोल विक्रेता संघ (मुंबई) के अध्यक्ष चेतन मोदी ने पीटीआई को बताया कि मुंबई में 130 से 140 सीएनजी पंप हैं, जिनमें एमजीएल के अपने पंप भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कम गैस सप्लाई प्रेशर के कारण मुंबई के कई सीएनजी पंप सुबह से ही बंद हैं। चेतन मोदी ने कहा कि उन्होंने कुछ समय पहले एमजीएल के अधिकारियों से बात की थी, जिन्होंने बताया था कि सीएनजी की सामान्य सप्लाई बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। हालांकि, आरसीएफ में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को पूरी तरह से बहाल करने में पूरा दिन लग सकता है।

PNG सप्लाई को प्राथमिकता दे रहा है MGL  

स्कूल बस संचालकों के एक संगठन के नेता अनिल गर्ग ने भी कहा कि सीएनजी की कमी के कारण उनका संचालन प्रभावित हुआ है। अनिल गर्ग ने कहा, ‘‘मुंबई महानगर क्षेत्र में कई स्कूल बसों को सीएनजी मिलने में समस्या आ रही है।’’ एमजीएल ने कहा कि उसने घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवासीय उपभोक्ताओं की सप्लाई को प्राथमिकता दी है। एमजीएल ने इस असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘पाइपलाइन को हुए नुकसान के दुरुस्त होने और सीजीएस वडाला में सप्लाई बहाल होने के बाद एमजीएल के नेटवर्क में गैस सप्लाई सामान्य हो जाएगी।’’ हालांकि, कंपनी ने पूरी तरह से सामान्य सप्लाई बहाल होने की कोई समय-सीमा नहीं बताई है।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement