1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Netflix की 'ऑपरेशन सफेद सागर' से इंडियन इकोनॉमी को 215 करोड़ रुपये का फायदा, 850 से ज्यादा स्थानीय कारोबारों को भी लाभ

Netflix की 'ऑपरेशन सफेद सागर' से इंडियन इकोनॉमी को 215 करोड़ रुपये का फायदा, 850 से ज्यादा स्थानीय कारोबारों को भी लाभ

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 07, 2026 08:42 am IST,  Updated : Aug 07, 2026 08:53 am IST

नेटफ्लिक्स के अब तक के सबसे बड़े प्रोजेक्ट 'ऑपरेशन सफेद सागर' ने भारतीय अर्थव्यवस्था में 24 मिलियन अमेरिकी डॉलर (215 करोड़ रुपये से ज्यादा) का योगदान दिया है। साल 2026 में नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारांडोस ने यह जानकारी दी।

operation safed sagar- India TV Hindi
ऑपरेशन सफेद सागर की टीम। Image Source : FACEBOOK- DIA MIRZA

भारत में नेटफ्लिक्स के 10 साल पूरे होने के मौके पर को-CEO टेड सारांडोस ने घोषणा की कि 'ऑपरेशन सफेद सागर', जो भारत में अब तक का नेटफ्लिक्स का सबसे बड़ा और सबसे महत्वाकांक्षी प्रोडक्शन है, ने भारतीय अर्थव्यवस्था में 24 मिलियन अमेरिकी डॉलर (215 करोड़ रुपये से ज्यादा) का योगदान दिया है। यह प्रोडक्शन 'द नेटफ्लिक्स इफेक्ट' का उदाहरण है, जो दर्शाता है कि नेटफ्लिक्स की फिल्में और वेब सीरीज केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार पैदा करने, स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने, क्रिएटिव टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाने और टैलेंट में निवेश के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

'भारत के पास विश्वस्तरीय कंटेंट बनाने की प्रतिभा, तकनीक और प्रोडक्शन क्षमता'

नई दिल्ली में आयोजित सीरीज के वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान टेड सारांडोस ने कहा, "नेटफ्लिक्स का हर प्रोडक्शन एक लोकल प्रोडक्शन भी होता है। हर एपिसोड के पीछे हज़ारों लोग होते हैं जिनकी क्रिएटिविटी, हुनर ​​और लगन उस कहानी को मुमकिन बनाती है। इस सीरीज़ और प्रोडक्शन का पैमाना दिखाता है कि आज भारत के पास ऐसा मनोरंजन बनाने का टैलेंट, टेक्निकल जानकारी और प्रोडक्शन क्षमता है जो दुनिया के बेहतरीन मनोरंजन के साथ मजबूती से खड़ा हो सके।"

इस प्रोजेक्ट के जरिए 850 से ज्यादा स्थानीय व्यवसायों को लाभ

इस प्रोडक्शन में 850 से ज्यादा स्थानीय व्यवसाय, 200 से ज्यादा कास्ट और क्रू मेंबर और 4000 दिहाड़ी मजदूर शामिल थे, जिन्हें 115 दिनों तक चली फ़िल्मिंग से रोज़गार और फायदा मिला। इस प्रोडक्शन के दौरान 850 से अधिक स्थानीय व्यवसायों के साथ साझेदारी की गई। वहीं 200 से ज्यादा कलाकारों और क्रू सदस्यों को सीधे तौर पर काम मिला, जबकि 4000 से ज्यादा दैनिक कर्मचारियों को रोजगार के अवसर मिले। 

115 दिनों तक 11 शहरों में हुई शूटिंग

सीरीज की शूटिंग 115 दिनों तक 11 शहरों पटियाला, पटौदी, नोएडा, नई दिल्ली, मुंबई, मनाली, केलांग, ग्वालियर, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और बीकानेर में की गई। इस प्रोजेक्ट से निर्माण कार्य, सेट डिजाइन, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, कैटरिंग, उपकरण और लाइटिंग किराया, वीएफएक्स, पोस्ट-प्रोडक्शन तथा अन्य पेशेवर सेवाओं से जुड़े स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिला।

VFX सेक्टर को भी मिला बढ़ावा

नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज के लिए भारत के 15 वीएफएक्स स्टूडियो के साथ साझेदारी की। बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई के इन स्टूडियो से जुड़े लगभग 1,200 कलाकारों ने सीरीज के लिए लगभग 50 मिनट के शानदार हवाई दृश्य तैयार किए। अकेले इन VFX और क्रिएटिव-टेक साझेदारियों ने भारत की अर्थव्यवस्था में US$5 मिलियन (₹49 करोड़) से ज्यादा का योगदान दिया, जो प्रोडक्शन के कुल आर्थिक योगदान का 20% है। 

टेड सारंडोस ने कहा, "भारत में 10 साल पूरे होने पर, हमने 'नेटफ्लिक्स इफेक्ट' को हर उस कहानी के जरिए सच होते देखा है जिसे बनाने का मौका हमें यहां मिला। 'ऑपरेशन सफेद सागर' उस सफर की सबसे दमदार मिसालों में से एक है।"

भारत में नेटफ्लिक्स के 10 साल पूरे

बता दें कि साल 2026 में नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। पिछले एक दशक में कंपनी 200 से ज्यादा भारतीय ओरिजिनल्स लॉन्च कर चुकी है। भारतीय कहानियां लगातार दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंच रही हैं और साथ ही भारत की तेजी से बढ़ती क्रिएटिव इकॉनमी को भी नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा