1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 2025 में गोवा आने वाले टूरिस्ट की संख्या 1 करोड़ के पार, इस साल अब तक 61.37 लाख से ज्यादा सैलानी पहुंचे

2025 में गोवा आने वाले टूरिस्ट की संख्या 1 करोड़ के पार, इस साल अब तक 61.37 लाख से ज्यादा सैलानी पहुंचे

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 05, 2026 09:33 am IST,  Updated : Sep 05, 2026 09:33 am IST

गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे की तरफ से हाल में संपन्न मानसून सत्र में पेश आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 में 70,18,945 घरेलू और 1,69,005 विदेशी पर्यटक गोवा आए थे।

Goa, goa tourism- India TV Hindi
गोवा Image Source : PIXABAY

गोवा आने वाले टूरिस्ट की संख्या में पिछले कुछ सालों में तेज बढ़ोतरी हुई है। गोवा आने वाले भारतीय टूरिस्ट की संख्या 2025 में बढ़कर 1.03 करोड़ से ज्यादा हो गई, जबकि 2022 में ये संख्या 70.19 लाख थी। विदेशी टूरिस्ट की बात करें तो साल 2025 में 5 लाख से ज्यादा विदेशी नागरिक गोवा आए। राज्य सरकार ने विधानसभा में ये जानकारी दी है। 

किस साल कितने पर्यटक आए गोवा

गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे की तरफ से हाल में संपन्न मानसून सत्र में पेश आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 में 70,18,945 घरेलू और 1,69,005 विदेशी पर्यटक गोवा आए थे। घरेलू पर्यटकों की संख्या 2023 में बढ़कर 81,75,460 और 2024 में 99,41,285 हो गई। वहीं, 2025 में ये संख्या बढ़कर 1,02,84,608 पहुंच गई। 

गोवा आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी

गोवा आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या भी 2023 के 4,52,702 से बढ़कर 2024 में 4,67,911 और 2025 में 5,17,802 हो गई। साल 2026 के पहले सात महीनों में भी गोवा आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। इस दौरान 59,01,769 घरेलू और 2,36,113 विदेशी पर्यटक गोवा आ चुके हैं। इस तरह जनवरी-जुलाई में कुल पर्यटकों की संख्या 61.37 लाख से ज्यादा रही। 

गोवा की जीडीपी में पर्यटन का 16.43 प्रतिशत योगदान

राज्य सरकार ने कहा कि पर्यटन राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में प्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 16.43 प्रतिशत का योगदान देता है। हालांकि, पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या से बुनियादी ढांचे, प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय समुदायों पर दबाव पड़ सकता है। राज्य सरकार ने पर्यटकों को पारंपरिक तटीय इलाकों से हटाकर राज्य के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचाने के लिए 'गोवा बियॉन्ड बीचेज' पहल शुरू की है। 

मानसून, ग्रामीण क्षेत्र, विरासत, संस्कृति और अनुभव आधारित टूरिज्म को भी दिया जा रहा बढ़ावा

इस पहल के तहत मानसून, ग्रामीण क्षेत्र, विरासत, संस्कृति और अनुभव आधारित टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने कहा कि गोवा देश का पहला ऐसा राज्य भी बन गया है जिसने 'रिजनरेटिव टूरिज्म' को अपनाया है। इसका उद्देश्य पर्यावरणीय नुकसान कम करने के साथ प्राकृतिक संसाधनों, स्थानीय समुदायों और पर्यटन स्थलों की स्थिति में सुधार करना है। 

ये भी पढ़ें

NSE के IPO को SEBI ने दी हरी झंडी, जल्द शेयर बाजार में होगी देश के सबसे बड़े एक्सचेंज की एंट्री

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा