प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के पूर्णिया में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने सोमवार को बिहार के पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, बिहार को 4 नई ट्रेनों की भी सौगात दी। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया में आयोजित जनसभा से 1 वंदे भारत, 2 अमृत भारत और 1 पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा, पीएम मोदी ने 26.33 किमी लंबे बिक्रमशिला-कटेरिया के बीच नई रेल लाइन की आधारशिला रखी और 111 किमी लंबे अररिया-गलगलिया के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन किया।
जोगबनी और दानापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन
पीएम नरेंद्र मोदी ने अररिया-गलगलिया (ठाकुरगंज) सेक्शन के रास्ते कटिहार और सिलीगुड़ी के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया। इस ट्रेन से अररिया और किशनगंज जिलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा और पूर्वोत्तर बिहार तक पहुंचने में काफी आसानी होगी। कटिहार-सिलिगुड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों से बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के लोगों को भी काफी फायदा होगा। इसके अलावा, जोगबनी और दानापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की गई। ये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बिहार के अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पटना जैसे जिलों को सीधे कनेक्ट करेगी।
सहरसा और छेहरटा के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
सहरसा और छेहरटा (अमृतसर) के बीच शुरू की गई नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बिहार और पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर जाएगी। जोगबनी और इरोड के बीच शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत कुल 7 राज्य के लोगों को फायदा देगी।
25,000 करोड़ रुपये की लागत वाली ताप विद्युत परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला
इन सभी के साथ पीएम मोदी ने बिहार के भागलपुर के पीरपैंती में 25,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 800 मेगावाट वाली 3 ताप विद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखी। ये राज्य में प्राइवेट सेक्टर का सबसे बड़ा निवेश है। एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "इसे ‘अल्ट्रा-सुपर क्रिटिकल’, कम उत्सर्जन वाली तकनीक के आधार पर डिज़ाइन किया गया है। यह परियोजना बिजली प्रदान करेगी और बिहार की ऊर्जा सुरक्षा को मज़बूत करेगी।"