1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 1 अगस्त को भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, न्योता देने आज दिल्ली आएंगे चंद्रबाबू नायडू

1 अगस्त को भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, न्योता देने आज दिल्ली आएंगे चंद्रबाबू नायडू

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 22, 2026 07:36 am IST,  Updated : Jul 22, 2026 07:36 am IST

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों एयरपोर्ट का उद्घाटन कराना चाहते हैं, जिसके लिए वे आज पीएम को न्योता देने के लिए दिल्ली आ रहे हैं।

Bhogapuram International Airport, Alluri Sitarama Raju International Airport, andhra pradesh, n. cha- India TV Hindi
भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट Image Source : HTTPS://X.COM/BHOGAPURAM_ARPT

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में बने भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों एयरपोर्ट का उद्घाटन कराना चाहते हैं, जिसके लिए वे आज पीएम को न्योता देने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। भोगपुरम एयरपोर्ट का आधिकारिक नाम अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जिसका 1 अगस्त को उद्घाटन होना है।

बुधवार को दिल्ली में ही ठहरेंगे मुख्यमंत्री नायडू

सीएम नायडू अपने दिल्ली दौरे पर पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, मनोहर लाल खट्टर और सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात कर सकते हैं। वे सुबह 7:30 बजे अमरावती से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 10.00 बजे राजधानी में लैंड करेंगे। चंद्रबाबू नायडू बुधवार को दिल्ली में ही रुकेंगे और गुरुवार को सुबह 10:20 बजे तक राज्य सचिवालय लौट आएंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए खास निर्देश

सोमवार रात उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेते हुए, सीएम नायडू ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम भव्य स्तर पर आयोजित होना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक स्वागत किया जाना चाहिए, जिसमें उत्तरी आंध्र की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ये "उत्तरी आंध्र का गहना" बनेगा।

राज्य की इकोनॉमिक ग्रोथ के लिए 'गेम चेंजर' साबित होगा एयरपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा, GMR स्किल डेवलपमेंट सेंटर, एविएशन हब-यूनिवर्सिटी और GMR-MANSAS एडु सिटी का भी औपचारिक उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट को एक अहम प्रोजेक्ट बताते हुए नायडू ने कहा कि ये लॉजिस्टिक्स हब के तौर पर काम करेगा, ग्लोबल कनेक्टिविटी देगा और राज्य की इकोनॉमिक ग्रोथ के लिए 'गेम चेंजर' साबित होगा।

किसानों और जमीन मालिकों को फ्री हवाई यात्रा कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ये भी निर्देश दिया कि वे उन किसानों और जमीन मालिकों को सम्मानित करें, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन दी हैं। उन्हें एक बार फ्री हवाई यात्रा का मौका दिया जाए। उन्होंने ट्रैफिक डायवर्जन, डेडिकेटेड पार्किंग और सुरक्षा के साथ-साथ जनता के लिए जरूरी सुविधाओं सहित व्यापक इंतजामों के बारे में भी जानकारी ली।

10 दिनों तक चलाया जाएगा जागरूकता कार्यक्रम

चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को 22 जुलाई से 31 जुलाई तक एयरपोर्ट के बारे में बड़े पैमाने पर प्रचार अभियान चलाने और अगले 10 दिनों तक उत्तरी आंध्र के जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस मौके का इस्तेमाल 'अराकू कॉफी' की ब्रांडिंग को मजबूत करने के लिए भी किया जाए, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर प्रमोट किया है।

ये भी पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया स्टैंडर्ड चार्टर्ड के खिलाफ 23 साल पुराना मामला, 3 दशक पुराने ट्रांजैक्शन से जुड़ा था केस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा