भारतीय रेल फेस्टिवल सीजन में भारी मांग को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारी की है। लोगों को त्योहार पर अपने घरों या अपनों तक पहुंचने में कोई परेशानी न आए, इसके लिए देशभर में कई स्पेशल ट्रेन चला रहा है और आने वाले दिनों में चलाएगा। भारतीय रेल का कहना है कि इस त्योहारी मौसम में यात्रा की मांग में आगामी उछाल को ध्यान में रखते हुए, भारतीय रेल 1 अक्टूबर से लेकर 11 नवंबर 2024 तक यात्रियों के लिए सुचारू और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 6,000 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चला रहा है।
Related Stories
2694 विशेष ट्रेन ट्रिप्स चला रहा उत्तर रेलवे
खबर के मुताबिक, इस साल, उत्तर रेलवे त्योहारों के दौरान आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 2694 विशेष ट्रेन ट्रिप्स चला रहा है। उत्तर रेलवे का कहना है कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान अगर समय रहते अतिरिक्त यात्रियों की संख्या की उम्मीद की जाती है, तो और अधिक विशेष ट्रेनों की घोषणा की जाएगी।
जम्मूतवी से धनबाद के लिए ट्रेन
उत्तर रेलवे के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 27 नवंबर 2024 तक जम्मूतवी से धनबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलेगी। धनबाद की तरफ से गाड़ी संख्या 03309 हर मंगलवार को 1 अक्टूबर से 26 नवंबर 2024 के बीच चलेगी। धनबाद से जम्मूतवी के लिए यह ट्रेन 10 बजकर 10 मिनट पर चलेगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 03310 जम्मूतवी से धनबाद के लिए 2 अक्टूबर से हर बुधवार को 27 नवंबर 2024 तक चलेगी। इसमें एसी 3 के कोच लगे होंगे।
अधिकारियों ने कहा कि अगर मांग अधिक हुई तो विशेष ट्रेनों की संख्या में और वृद्धि की जा सकती है। इसके अलावा, 108 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े गए हैं और 12,500 नए कोच बनाने की मंजूरी दी गई है और अगले एक से दो वर्षों में इन्हें विभिन्न ट्रेनों में जोड़ा जाएगा।