1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Railway News: इन शहरों के बीच होली स्पेशल ट्रेन का ऐलान, जानें टाइमिंग-स्टॉपेज और पूरी डिटेल

Railway News: इन शहरों के बीच होली स्पेशल ट्रेन का ऐलान, जानें टाइमिंग-स्टॉपेज और पूरी डिटेल

 Written By: Sourabha Suman
 Published : Mar 07, 2025 07:15 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 07:20 am IST

भारतीय रेल ने त्योहार में जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। अगर आप भी इन शहरों के बीच सफर करने वाले हैं तो बुकिंग करा सकते हैं।

भारतीय रेल ने साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। - India TV Hindi
भारतीय रेल ने साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। Image Source : FILE

भारतीय रेल ने होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद और दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इसके अलावा, रेलवे मुंबई सेंट्रल से कटिहार के बीच भी होली और ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। ये ट्रेनें साप्ताहिक होंगी। दोनों ही ट्रेनों के शेड्यूल भी जारी कर दिए गए हैं। इन ट्रेनों के चलने से बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा होगी और त्योहार में आने-जाने में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हो सकेंगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, ट्रेनों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

अहमदाबाद और दानापुर के बीच चलेगी ट्रेन

उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर -09417/09418 अहमदाबाद-दानापुर-अहमदाबाद के बीच चलाई जाएगी। इन दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले पैसेंजर्स इस ट्रेन के लिए बुकिंग करा सकते हैं। अहमदाबाद से ट्रेन नंबर 09417, इस महीने 10, 17, 24, 31 मार्च को चलेगी। साथ ही दानापुर से ट्रेन नंबर 09418, इस महीने 11, 18 और 25 मार्च को चलेगी और अगले महीने 1 अप्रैल को चलेगी। इस ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास के 2, थर्ड एसी के 6, स्लीपर क्लास के 8 और जेनरल क्लास के 4 कोच होंगे।

ट्रेन की टाइमिंग और स्टॉपेज

ट्रेन नंबर 09417, अहमदाबाद से 9 बजकर 10 मिनट पर प्रस्थान करेगी और नदियाद जंक्शन, छायापुरी, रतलाम जंक्शन, डकनिया तलाव, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, भरतपुर जंक्शन, मथुरा जंक्शन, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, फ़तेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्ज़ापुर, डीडी उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा जंक्शन पर रुकती हुई 20 बजकर 30 मिनट पर दानापुर पहुंचेगी। यह कुल 35 घंटे 20 मिनट की यात्रा होगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 09418, दानापुर से 23 बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों के बीच रुकती हुई 12 बजकर 15 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेगी।

मुंबई सेंट्रल से कटिहार के बीच वाली ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 09189/09190, मुंबई सेंट्रल-कटिहार-मुंबई सेंट्रल के बीच चलेगी। यह एक साप्ताहिक ट्रेन है। मुंबई सेंट्रल से ट्रेन नंबर 09189, इस महीने 8, 15, 22 और 29 मार्च को कटिहार के लिए चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 09190, इस महीने 11, 18 और 25 मार्च को चलेगी और फिर 1 अप्रैल को चलेगी। इस ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास के 1, थर्ड एसी के 5, स्लीपर क्लास के 12 और जेनरल क्लास के 2 कोच होंगे।

ट्रेन की टाइमिंग और स्टॉपेज

ट्रेन नंबर 09189, मुंबई सेंट्रल से 11 बजे प्रस्थान करेगी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर सहित अन्य निर्धारित स्टेशनों पर रुकती हुई 7 बजकर 30 मिनट पर कटिहार पहुंच जाएगी। इसी तरह, ट्रेन नंबर 09190, कटिहार से 00 बजकर 15 मिनट पर प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकती हुई 18 बजकर 40 मिनट पर मुंबई सेंट्रल पहुंच जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।