1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. राशन कार्ड यूजर्स को अब लाइन लगाने की जरूरत नहीं! फोन पर एक क्लिक में मिलेगी सारी जानकारी

राशन कार्ड यूजर्स को अब लाइन लगाने की जरूरत नहीं! फोन पर एक क्लिक में मिलेगी सारी जानकारी

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 11, 2026 07:29 pm IST,  Updated : Mar 11, 2026 07:29 pm IST

सरकारी सुविधाओं को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ा रही है। इसी दिशा में अब एक बड़ी सुविधा राशन कार्ड धारकों के लिए शुरू की गई है। अब लोगों को राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी पाने के लिए राशन की दुकान या सरकारी दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

फोन पर राशन कार्ड की...- India TV Hindi
फोन पर राशन कार्ड की सारी जानकारी Image Source : ANI

सरकार लगातार सरकारी सेवाओं को डिजिटल और आसान बनाने पर जोर दे रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों या दुकानों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी दिशा में अब एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है। अब राशन कार्ड धारक अपने मोबाइल फोन पर ही राशन से जुड़ी पूरी जानकारी आसानी से देख सकते हैं। इसके लिए सरकार के UMANG App में ‘Mera Ration’ नाम का नया फीचर जोड़ा गया है। इस फीचर की मदद से राशन कार्ड से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां एक क्लिक में मिल जाएंगी।

‘Mera Ration’ फीचर के जरिए अब लोग अपने राशन कार्ड की डिटेल मोबाइल पर ही चेक कर सकते हैं। इसमें परिवार के सदस्यों की जानकारी, राशन कार्ड का स्टेटस और कितना राशन मिलने वाला है जैसी अहम जानकारी दिखाई देती है। पहले इन जानकारियों के लिए लोगों को राशन डीलर या सरकारी वेबसाइट पर जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा सीधे मोबाइल पर मिल जाएगी।

नजदीकी राशन दुकान की जानकारी भी मिलेगी

इस फीचर की खास बात यह है कि इसमें नजदीकी राशन दुकान की जानकारी भी मिल जाती है। यानी यूजर यह भी देख सकते हैं कि उनके इलाके में कौन-सी राशन दुकान है और वहां से उन्हें राशन मिल सकता है या नहीं। इससे लोगों को सही जानकारी समय पर मिलेगी और अनावश्यक परेशानी से भी बचाव होगा।

क्या है UMANG App?

UMANG App भारत सरकार द्वारा लॉन्च किया गया एक मल्टी-सर्विस मोबाइल एप्लिकेशन है। इस ऐप के जरिए कई सरकारी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें आधार, पेंशन, गैस, पीएफ, बिजली बिल, पासपोर्ट और अन्य कई सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं मिलती हैं। अब इसमें ‘Mera Ration’ फीचर जुड़ने से राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं भी आसान हो गई हैं।

ऐसे करें ‘Mera Ration’ फीचर का इस्तेमाल

इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UMANG App डाउनलोड करना होगा। यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। ऐप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर से लॉगिन या रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद ऐप के सर्च बार में “Mera Ration” लिखकर सर्च करें और इस सर्विस को ओपन करें। फिर राशन कार्ड नंबर या जरूरी जानकारी दर्ज करते ही स्क्रीन पर पूरी डिटेल दिखाई देने लगेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा