1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डॉलर के मुकाबले रुपये में आज बड़ी गिरावट, अब 1 Dollar की कीमत हो गई इतनी, जानें क्यों टूट रही भारतीय करेंसी

डॉलर के मुकाबले रुपये में आज बड़ी गिरावट, अब 1 Dollar की कीमत हो गई इतनी, जानें क्यों टूट रही भारतीय करेंसी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 04, 2025 05:38 pm IST,  Updated : Aug 04, 2025 05:38 pm IST

कारोबारी सत्र के अंत में रुपया 87.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 52 पैसे की बड़ी गिरावट है।

Dollar - India TV Hindi
डॉलर Image Source : FILE

विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी और व्यापार शुल्क से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से सोमवार को अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 52 पैसे लुढ़ककर 87.70 (अस्थायी) पर आ गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगाए गए उच्च सीमा शुल्कों ने वैश्विक व्यापार परिदृश्य में व्यापक व्यवधान को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) की तरफ से डॉलर की मांग आने से कारोबार के दौरान रुपये में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 87.21 पर खुला। बाद में रुपया 87.70 के निचले स्तर तक गया। कारोबारी सत्र के अंत में रुपया 87.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 52 पैसे की बड़ी गिरावट है। शुक्रवार को रुपया 47 पैसे बढ़कर 87.18 पर बंद हुआ था। 

इस कारण टूट रहा भारतीय रुपया

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी के बीच हमारा अनुमान है कि रुपया कमज़ोर रहेगा। हालांकि, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को लेकर चर्चा के बीच अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘व्यापारी अमेरिका से आने वाले कारखाना ऑर्डर के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। इसी सप्ताह रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 87.40 से 88 के बीच रहने की उम्मीद है। 

आरबीआई की मौद्रिक पॉलिसी पर अब नजर

रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली ब्याज दर निर्धारण समिति ने सोमवार को अगली द्विमासिक मौद्रिक नीति पर निर्णय लेने के लिए तीन दिवसीय विचार-विमर्श शुरू किया। छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) बुधवार को अगली द्विमासिक नीति दर की घोषणा करेगी। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.37 प्रतिशत घटकर 98.77 रह गया। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 418.81 अंक बढ़कर 81,018.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 157.40 अंक बढ़कर 24,722.75 पर बंद हुआ। शेयर एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, एफआईआई पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 3,366.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा