1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. IndusInd Bank के पूर्व सीईओ समेत 5 लोगों के खिलाफ SEBI की बड़ी कार्रवाई, सिक्यॉरिटी मार्केट से किया बैन

IndusInd Bank के पूर्व सीईओ समेत 5 लोगों के खिलाफ SEBI की बड़ी कार्रवाई, सिक्यॉरिटी मार्केट से किया बैन

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 28, 2025 08:42 pm IST,  Updated : May 28, 2025 08:42 pm IST

सेबी ने अपनी जांच में पाया कि इन पांच व्यक्तियों ने इस संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक किए जाने से पहले ही शेयर डील को अंजाम दिया, और संभावित व्यक्तिगत फायदे के लिए गोपनीय जानकारी तक अपनी पहुंच का इस्तेमाल किया।

sebi, indusind bank, hinduja group, Sumant Kathpalia, Securities and Exchange Board of India, Arun K- India TV Hindi
व्यक्तिगत फायदे के लिए गोपनीय जानकारी का हुआ इस्तेमाल Image Source : PTI

कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी ने बुधवार को इंडसइंड बैंक के पूर्व सीईओ सुमंत कठपालिया और चार अन्य अधिकारियों को बैंक के शेयरों में भेदिया कारोबार के कथित मामले में सिक्यॉरिटी मार्केट से बैन कर दिया। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने इसके साथ ही इन पांचों लोगों से सामूहिक रूप से 19.78 करोड़ रुपये की राशि भी जब्त की है। सेबी द्वारा प्रतिबंधित व्यक्तियों में बैंक के तत्कालीन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और डिप्टी सीईओ अरुण खुराना, हेड ऑफ ट्रेजरी ऑपरेशन सुशांत सौरव, हेड ऑफ जीएमजी ऑपरेशन रोहन जथन्ना और कंज्यूमर बैंकिंग ऑपरेशन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) अनिल मार्को राव भी शामिल हैं। 

बैंक के सीनियर अधिकारियों ने किया नियमों का उल्लंघन

प्राइवेट सेक्टर के बैंक के इन सीनियर अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने अपने पास अप्रकाशित मूल्य-संवेदनशील जानकारी (Unpublished price-sensitive information) रहते हुए इंडसइंड बैंक के शेयरों में लेनदेन किया, जो भेदिया कारोबार (Insider Trading) नियमों का उल्लंघन है। ये मामला भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी मास्टर निर्देश से उपजा है, जिसका इंडसइंड बैंक के ऑपरेशन पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा था। बैंक की इंटरनल टीम ने उस निर्देश के वित्तीय निहितार्थों का मूल्यांकन किया था और उस समय उनके पास गैर-सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध थी।

व्यक्तिगत फायदे के लिए गोपनीय जानकारी का हुआ इस्तेमाल

सेबी ने अपनी जांच में पाया कि इन पांच व्यक्तियों ने इस संवेदनशील जानकारी को सार्वजनिक किए जाने से पहले ही शेयर डील को अंजाम दिया, और संभावित व्यक्तिगत फायदे के लिए गोपनीय जानकारी तक अपनी पहुंच का इस्तेमाल किया। सेबी ने अपने अंतरिम आदेश में कहा, ‘‘नोटिस पाने वाले पांचों लोगों को अगले आदेश तक किसी भी तरह से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सिक्यॉरिटी की खरीद, बिक्री या लेनदेन करने से रोका जाता है।’’बताते चलें कि आज बुधवार को इंडसइंड बैंक के शेयर बीएसई पर 16.30 रुपये (1.99%) की गिरावट के साथ 804.75 रुपये के भाव पर बंद हुए। इंडसइंड बैंक के शेयर का 52 वीक हाई 1550.00 रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा