1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Share Market: खुलते ही धड़ाम हुआ शेयर बाजार! सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,200 के नीचे खुला; इन शेयरों में दिखी बड़ी गिरावट

Share Market: खुलते ही धड़ाम हुआ शेयर बाजार! सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,200 के नीचे खुला; इन शेयरों में दिखी बड़ी गिरावट

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Apr 23, 2026 09:34 am IST,  Updated : Apr 23, 2026 09:34 am IST

गुरुवार को शेयर बाजार के लिए निराशाजनक शुरुआत रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 725 अंक से ज्यादा टूटकर 77,790 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी भी 205 अंक गिरकर 24,173 पर खुला।

शेयर बाजार में बड़ी...- India TV Hindi
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट Image Source : CANVA

ग्लोबल संकेतों की कमजोरी और बढ़ते कच्चे तेल के दामों के बीच गुरुवार को शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। खुलते ही निवेशकों को बड़ा झटका लगा, जब सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा टूट गया और निफ्टी भी 24,200 के अहम स्तर के नीचे फिसल गया। बाजार में बिकवाली का दबाव साफ नजर आया। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 725.58 अंक यानी 0.92% गिरकर 77,790.91 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 205.10 अंक यानी 0.84% टूटकर 24,173 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। हालांकि, बाजार में कुछ शेयरों में खरीदारी भी देखने को मिली। करीब 1193 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1095 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

इन शेयरों में दिखी हलचल

निफ्टी पर डॉ रेड्डीज, ONGC, जियो फाइनेंशियल, सिप्ला और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे शेयरों में बढ़त रही। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, SBI लाइफ, एशियन पेंट्स और M&M जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।

कच्चे तेल की कीमत बनी बड़ी वजह

बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में उछाल मानी जा रही है। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिससे महंगाई और चालू खाते के घाटे को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए यह स्थिति बाजार पर दबाव डालती है।

बड़े निवेशकों की बिकवाली

विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों (FII और DII) दोनों ने बाजार में बिकवाली की है। पिछले सत्र में FIIs ने 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे, जबकि DIIs ने भी 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिकवाली की। इससे बाजार में कमजोरी और बढ़ गई।

वैश्विक तनाव का असर

अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत में ठहराव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास जारी तनाव ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। इन हालातों में निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं और जोखिम लेने से बच रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा