1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 1,000 रुपये सस्ती हुई चांदी, सोना आज महंगा हुआ या सस्ता? जानें दोनों कीमती धातु के ताजा भाव

1,000 रुपये सस्ती हुई चांदी, सोना आज महंगा हुआ या सस्ता? जानें दोनों कीमती धातु के ताजा भाव

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 02, 2025 07:04 pm IST,  Updated : Apr 02, 2025 07:04 pm IST

सर्राफा बाजार के विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत सहित विभिन्न देशों पर जवाबी शुल्क के लागू होने से पहले सोने की कीमतें स्थिर रहीं।

Gold and Silver - India TV Hindi
सोना-चांदी Image Source : FILE

Gold rate today: अमेरिका द्वारा जवाबी शुल्क लगाए जाने की चिंताओं के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 94,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर स्थिर बनी रही। हालांकि, चांदी की कीमतें मंगलवार के बंद स्तर 1,02,500 रुपये प्रति किलोग्राम से 1,000 रुपये घटकर 1,01,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना करीब दो माह की सबसे तेज बढ़त यानी 2,000 रुपये की तेजी के साथ 94,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ था।

ट्रंप के फैसले से पहले बाजार सतर्क

सर्राफा बाजार के विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत सहित विभिन्न देशों पर जवाबी शुल्क के लागू होने से पहले सोने की कीमतें स्थिर रहीं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा कि इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि यह घटना (जवाबी शुल्क) सभी वित्तीय परिसंपत्ति वर्गों में अस्थिरता की एक नई लहर का कारण बनेगी। गांधी ने कहा, निवेशक यह आकलन करेंगे कि शुल्कों का अगला दौर वैश्विक व्यापार, वैश्विक अर्थव्यवस्था और भू-राजनीतिक मोर्चे को कैसे प्रभावित करेगा, और उसके अनुरूप प्रतिक्रिया देगा। अनिश्चित (अस्थिर) समय आमतौर पर कीमती धातुओं के लिए फायदेमंद होता है।

ग्लोबल मार्केट में हल्की तेजी 

वैश्विक मोर्चे पर, हाजिर सोना 0.11 प्रतिशत बढ़कर 3,116.86 डॉलर प्रति औंस हो गया। इसके अलावा, जून डिलिवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 3,149.30 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा। इस बीच, एशियाई बाजार में हाजिर चांदी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 33.87 डॉलर प्रति औंस हो गई। कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी-जिंस शोध कायनात चैनवाला के अनुसार, बाजार प्रतिभागियों को अमेरिकी निजी नौकरियों की रिपोर्ट के जारी होने का भी इंतजार रहेगा, जो फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर अधिक जानकारी प्रदान कर सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा