1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 6000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी तेजी- चेक करें आज का ताजा भाव

6000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी तेजी- चेक करें आज का ताजा भाव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 17, 2026 07:09 pm IST,  Updated : Mar 17, 2026 07:09 pm IST

एक्सपर्ट्स ने कहा कि सर्राफा की कीमतों में ये उछाल भू-राजनीतिक तनाव के बीच 'सुरक्षित निवेश' वाली आस्तियों की मांग से प्रेरित था, भले ही वैश्विक संकेतक कमजोर बने रहे।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
एक विस्तृत दायरे के अंदर उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद Image Source : AFP

Gold and Silver Price: मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज सोने-चांदी के दाम में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 6,000 रुपये (2.34 प्रतिशत) की तेजी के साथ 2,62,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में लगातार 3 दिन से जारी गिरावट का सिलसिला आज थम गया। सोने की कीमतों में आज 1,050 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की तेजी आई और ये बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

एक विस्तृत दायरे के अंदर उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद

एक्सपर्ट्स ने कहा कि सर्राफा की कीमतों में ये उछाल भू-राजनीतिक तनाव के बीच 'सुरक्षित निवेश' वाली आस्तियों की मांग से प्रेरित था, भले ही वैश्विक संकेतक कमजोर बने रहे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने कहा कि घरेलू बाजारों में रुपये के नरम पड़ने से हाजिर सोने की कीमतों को वैश्विक कमजोरी से अलग होने में मदद मिली है। हालांकि, जब तक फेडरल रिजर्व कोई स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं देता, तब तक कीमतों में एक विस्तृत दायरे के अंदर उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ता हुआ सोना-चांदी

दिलीप परमार ने कहा, ''खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता संघर्ष आमतौर पर सुरक्षित निवेश की ओर जाने की प्रवृत्ति को जन्म देता है। इसके परिणामस्वरूप तेल की कीमतों में आने वाला उछाल महंगाई के डर को हवा दे रहा है, जिससे केंद्रीय बैंकों को लंबे समय तक सख्त मौद्रिक नीति बनाए रखने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 5,003.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था और चांदी भी 0.35 प्रतिशत घटकर 80.46 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

सोने की कीमतों में तेजी की गुंजाइश सीमित

एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि ऊर्जा की कीमतें बढ़ने से ब्याज दरों में कटौती में देरी हो सकती है, जिससे सोने की कीमतों में तेजी की गुंजाइश सीमित हो जाएगी। जानकारों के मुताबिक, निवेशक मौजूदा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और ऊर्जा बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच, नीतिगत दृष्टिकोण और सर्राफा की कीमतों की दिशा के बारे में और संकेत पाने के लिए फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की नीतिगत बैठक के नतीजों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा