1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. India VIX लुढ़कने से स्टॉक मार्केट में लौटी मजबूती, सेंसेक्स 267 अंक उछला, निफ्टी 22,600 के पार निकला

India VIX लुढ़कने से स्टॉक मार्केट में लौटी मजबूती, सेंसेक्स 267 अंक उछला, निफ्टी 22,600 के पार निकला

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 22, 2024 03:35 pm IST,  Updated : May 22, 2024 05:02 pm IST

बुधवार को इंडिया विक्स 1.49% लुढ़कर 21.48 पर बंद हुआ। इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी पर दिखाई दिया। सेंसेक्स 267.75 अंक उछलकर 74,221.06 अंक पर बंद हुआ।

Share Market- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

आम चुनाव के बीच शेयर बाजार पिछले कई दिनों से एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था लेकिन आज बाजार में अच्छी मजबूती देखने को मिली। दरअसल, India VIX के लुढ़कने से बाजार में वोलैटिलिटी कुछ कम हुई है। बुधवार को इंडिया विक्स 1.49% लुढ़कर 21.48 पर बंद हुआ। इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी पर दिखाई दिया। सेंसेक्स 267.75 अंक उछलकर 74,221.06 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई 92.70 निफ्टी भी अंकों की तेजी के साथ 22,621.75 अंक पर पहुंच गया। 

आपको बता दें कि घरेलू बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, नेस्ले और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड, जेएसडब्ल्यू स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों को नुकसान हुआ। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि जापान का निक्की फायदे में रहा। 

चुनाव को लेकर अनिश्चितता कम होने का लाभ मिला

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक का ब्योरा जारी होने से पहले भारतीय बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिला। निवेशक कंपनियों की चौथी तिमाही के परिणाम और चुनाव को लेकर अनिश्चितता कम होने से आशान्वित हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मानसून के जल्दी आने की उम्मीद से दैनिक उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) को लेकर रुचि बढ़ी है। हालांकि, बाजार का प्रदर्शन अल्पकाल में हल्का रह सकता है क्योंकि उसे चुनाव के परिणाम का इंतजार है। एफआईआई बाजार से दूरी बनाये हुए हैं।’’ 

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी 

अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.31 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में मंगलवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 1,874.54 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा