उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर में अब तेजी दिखने लगी है। राज्य सरकार के पारदर्शी नियम और निवेशकों के लिए बनाई गई नीतियों का असर अब साफ नजर आ रहा है। इसी के तहत उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने राज्य के 5 जिलों में 6 नए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन प्रोजेक्ट्स में कुल 864 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
Related Stories
UP RERA के मुताबिक, जिन जिलों में प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी मिली है, उनमें नोएडा, लखनऊ, कानपुर नगर, बरेली और वाराणसी शामिल हैं। इन सभी प्रोजेक्ट्स के तहत कुल 1,470 से अधिक रिहायशी और कमर्शियल यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
किस शहर में कितना निवेश?
नोएडा में सबसे ज्यादा निवेश का अनुमान है। यहां 444 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। कानपुर नगर में 173.64 करोड़ रुपये, लखनऊ में 136.94 करोड़ रुपये, बरेली में दो प्रोजेक्ट्स को मिलाकर 60.42 करोड़ रुपये, और वाराणसी में 48.94 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी गई है। UP RERA ने बताया कि लखनऊ और नोएडा में स्वीकृत प्रोजेक्ट्स कमर्शियल हैं, जबकि बाकी जिले रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रहे हैं। अथॉरिटी का मानना है कि इन प्रोजेक्ट्स से न केवल राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
इन प्रोजेक्ट्स से निर्माण काम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही, इससे सीमेंट, स्टील, टाइल्स, पेंट, इलेक्ट्रिकल गुड्स, ट्रांसपोर्ट और फर्नीचर जैसे सहायक उद्योगों को भी बड़ा फायदा होगा। UP RERA के चेयरमैन संजय भूरेड्डी ने बताया कि लगभग 864 करोड़ रुपये का यह निवेश न केवल निर्माण उद्योग को गति देगा बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में भी अहम योगदान देगा। UP RERA यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर प्रोजेक्ट समय पर और नियमानुसार पूरा हो ताकि होमबायर्स के हितों की पूरी तरह रक्षा की जा सके।