केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर वॉकी-टॉकी सहित रेडियो उपकरणों की अवैध बिक्री पर नकेल कसने के लिए शुक्रवार को व्यापक दिशानिर्देश जारी किए हैं। इन नए दिशानिर्देशों का उद्देश्य ऐसे वॉकी-टॉकी की बिक्री पर रोक लगाना है, जिनमें उचित फ़्रीक्वेंसी प्रकटीकरण, लाइसेंसिंग जानकारी या उपकरण प्रकार अनुमोदन (ETA) नहीं होता। ETA के बिना वॉकी-टॉकी बेचना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 का सीधा उल्लंघन माना जाएगा।
क्यों जरूरी थे ये दिशानिर्देश?
CCPA ने दूरसंचार विभाग (DoT) और गृह मंत्रालय के साथ गहन अंतर-मंत्रालयी परामर्श के बाद इन दिशानिर्देशों को तैयार किया है, ताकि एक समन्वित दृष्टिकोण सुनिश्चित किया जा सके। CCPA ने एक बयान में कहा, 'यह पाया गया है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर वॉकी-टॉकी बिना किसी 'वायरलेस ऑपरेटिंग लाइसेंस' की आवश्यकता या लागू कानूनों के अनुपालन की स्पष्ट जानकारी के बेचे जा रहे हैं।'
गुमराह होते हैं उपभोक्ता
वर्तमान में, वॉकी-टॉकी के लिए उत्पाद लिस्टिंग में अक्सर यह नहीं बताया जाता कि उपकरण को संबंधित अधिकारियों से लाइसेंस की आवश्यकता है या नहीं। भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम 1885, वायरलेस टेलीग्राफी अधिनियम 1933 और कम शक्ति, बहुत कम शक्ति वाले शॉर्ट रेंज रेडियो फ्रीक्वेंसी डिवाइस (लाइसेंसिंग आवश्यकता से छूट) नियम, 2018 जैसे महत्वपूर्ण विवरण, जैसे कि फ़्रीक्वेंसी रेंज और लाइसेंसिंग दायित्व, अक्सर छोड़ दिए जाते हैं। CCPA ने बताया कि इस जानकारी के अभाव में उपभोक्ता यह मानकर गुमराह होते हैं कि इन उपकरणों का उपयोग आम जनता द्वारा स्वतंत्र रूप से किया जा सकता है।
नए दिशानिर्देशों में क्या है?
नए दिशानिर्देशों के तहत यह अनिवार्य किया गया है कि:
- ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर केवल वही वॉकी-टॉकी उपकरण बिक्री के लिए उपलब्ध हों, जो अधिकृत और अनुपालक हों (यानी, अनुमत आवृत्तियों पर काम करते हों)।
- उत्पाद सूची में फ़्रीक्वेंसी रेंज और तकनीकी पैरामीटर स्पष्ट रूप से निर्दिष्ट होने चाहिए।
- उपकरण प्रकार अनुमोदन (ETA) के माध्यम से नियामक अनुमोदन का प्रमाण भी शामिल होना चाहिए।
- ई-कॉमर्स संस्थाओं को उचित प्रक्रिया का पालन करना होगा और नियामक अनुपालन को सत्यापित करना आवश्यक होगा।
CCPA ने जारी किये थे नोटिस
CCPA ने इससे पहले भी इस मुद्दे पर कार्रवाई करते हुए प्रमुख डिजिटल मार्केटप्लेस को 13 नोटिस जारी किए थे, जिसमें उनके प्लेटफॉर्म पर मौजूद 16,970 ऐसे उत्पादों को निशाना बनाया गया था जिनमें उचित फ़्रीक्वेंसी प्रकटीकरण, लाइसेंसिंग जानकारी या ETA का अभाव था। CCPA ने स्पष्ट किया है कि इन नए दिशानिर्देशों की अधिसूचना के बाद भी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म निरंतर निगरानी और जांच के अधीन रहेंगे। यह कदम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और देश में रेडियो उपकरण बिक्री के लिए एक सुरक्षित और विनियमित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



































