1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. WEF की हुई शुरुआत, 3000 लीडर्स ले रहे भाग, आज होंगे प्रमुख सेशन

WEF की हुई शुरुआत, 3000 लीडर्स ले रहे भाग, आज होंगे प्रमुख सेशन

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 21, 2025 03:06 pm IST,  Updated : Jan 21, 2025 03:07 pm IST

विश्व आर्थिक मंच यानी WEF की शुरुआत हो गई है। दिग्गज फुटबॉलर डेविड बेकहम और दो अन्य को प्रतिष्ठित ‘क्रिस्टल पुरस्कार’ से सम्मानित करके इस सम्मेलन की शुरुआत हुई।

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम- India TV Hindi
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम Image Source : FILE

विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक की शुरुआत दिग्गज फुटबॉलर डेविड बेकहम और दो अन्य को प्रतिष्ठित ‘क्रिस्टल पुरस्कार’ से सम्मानित करने के साथ हुई। इसके अलावा उद्घाटन समारोह में शास्त्रीय संगीत तथा एआई-जनरेटेड ‘विजुअल्स’ के जरिये अंटार्कटिका के समक्ष मौजूद पर्यावरणीय संकट पर प्रकाश डाला गया। सरकार से लेकर कारोबार, नागरिक समाज, शिक्षा, कला व संस्कृति आदि क्षेत्रों के शीर्ष वैश्विक नेताओं की इस सबसे बड़ी बैठक में हिस्सा लेने कई भारतीय नेता भी इस स्की रिसॉर्ट शहर पहुंचे हैं। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बोर्गे ब्रेंडे ने कहा कि यह बैठक इस पीढ़ी के सबसे अनिश्चित समय में हो रही है, क्योंकि नई भू-आर्थिक, भू-राजनीतिक और प्रोद्यौगिकी ताकतें हमारे समाजों को नया आकार दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा गतिशील परिवर्तन, महत्वपूर्ण चुनौतियों के साथ-साथ महत्वपूर्ण अवसर भी उत्पन्न कर रहे हैं, खासकर तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकियों के संबंध में। 

बैठक में पहुंचे 3000 नेता

बोर्गे ने 24 जनवरी तक चलने वाली पांच दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे विश्व भर के करीब 3,000 नेताओं के लिए अपने स्वागत संदेश में कहा कि दुनिया भर के सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रों के 3,000 नेताओं को बुलाने का मकसद इस अनूठे समय के लिए आवश्यक सहयोग को मजबूत बनाने में मदद करना है। बोर्गे ने 55वीं डब्ल्यूईएफ वार्षिक बैठक के बारे में कहा, ‘‘मैं इस सप्ताह दावोस में होने वाली रचनात्मक वार्ता के लिए उत्साहित हूं। मुझे विश्वास है कि इसका आने वाले वर्ष और उससे आगे भी महत्वपूर्ण प्रभाव होगा।’’ इस बैठक का विषय ‘‘बुद्धिमान युग में सहयोग’’ है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव यहां भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें राज्यों का मजबूत प्रतिनिधित्व शामिल है। उन्होंने कहा कि वह दावोस में भारत के विकास मॉडल और समावेशी विकास तथा डिजिटल बदलाव के लिए देश के दृष्टिकोण पर प्रकाश डालेंगे।

आज हैं प्रमुख सेशंस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि उनका राज्य इस बैठक में विश्व से अवगत होगा। साथ ही वह वैश्विक मंच पर नई जमीन तैयार करने की आकांक्षा रखते हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वह अपने दल के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश को वैश्विक निवेश के मानचित्र पर वापस लाने के लिए तैयार हैं। इस वार्षिक बैठक के प्रमुख सत्र मंगलवार को होंगे। इससे पहले सोमवार शाम स्टार फुटबॉलर डेविड बेकहम, फैशन डिजाइनर डायने वॉन फर्स्टेनबर्ग और प्रसिद्ध वास्तुकार रिकेन यामामोटो को ‘क्रिस्टल पुरस्कार’ प्रदान किए गए। विश्व आर्थिक मंच के अनुसार, ‘क्रिस्टल पुरस्कार’ दुनिया भर में सामाजिक, पर्यावरणीय और रचनात्मक प्रगति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को दिया जाता है। पुरस्कार समारोह के बाद एक उद्घाटन समारोह में शास्त्रीय संगीत, इलेक्ट्रॉनिक रचनाओं और एआई से बने दृश्य से ‘ग्लेशियर’ (हिमनद) के संरक्षण के विषय पर एक प्रस्तुति दी गई। संयुक्त राष्ट्र ने 2025 को अंतररष्ट्रीय ग्लेशियर संरक्षण वर्ष घोषित किया है। इस प्रस्तुति में अंटार्कटिका के समक्ष उत्पन्न तात्कालिक पर्यावरणीय संकट पर प्रकाश डाला गया, जहां विश्व के 91 प्रतिशत ग्लेशियर स्थित हैं। दुनिया भर के व्यापारिक दिग्गज तथा सरकारी नेताओं के अलावा इस बैठक में हर वर्ष कला, संस्कृति, मनोरंजन और नागरिक समाज के क्षेत्रों से कई प्रतिष्ठित लोग भी हिस्सा लेते हैं।

(पीटीआई/भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

WEF