1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोमवार से भारतीय शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल, कौन-कौन से फैक्टर्स मार्केट पर डालेंगे असर, पूरा ब्योरा यहां

सोमवार से भारतीय शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल, कौन-कौन से फैक्टर्स मार्केट पर डालेंगे असर, पूरा ब्योरा यहां

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 19, 2023 11:32 am IST,  Updated : Feb 19, 2023 11:32 am IST

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, हालांकि, उम्मीद से कहीं ऊंची मुद्रास्फीति तथा अमेरिका के रोजगार बाजार के मजबूत आंकड़ों से पिछले सप्ताह के अंत में बाजार नीचे आया।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : INDIA TV

अगले हफ्ते यानी सोमवार से भारतीय शेयर बाजार की चाल कैसी रहेगी? क्या बाजार में आएगी तेजी या गिरावट? अगर आप भी बाजार में करते हैं हम आपके लिए लेकर आए पूरा ब्योरा। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि घरेलू कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों का सीजन समाप्त होने के करीब है। ऐसे में इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा काफी हद तक विदेशी संकेतकों तथा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के प्रवाह पर निर्भर करेगी।  विश्लेषकों ने कहा कि डेरिवेटिव अनुबंधों के निपटान की वजह से भी इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव रहेगा। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, वैश्विक रुख और वायदा एवं विकल्प खंड में निपटान की वजह से इस सप्ताह बाजार में उतार-चढ़ाव रह सकता है। हालांकि, एफपीआई ने पिछले कुछ दिन में खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई है। पिछले सप्ताह थोक में कुछ खरीद हुई थी। ऐसे में बाजार की दृष्टि से उनका रुख महत्वपूर्ण रहेगा।

विदेशी निवेशकों ने फिर शुरू किया निवेश

एफपीआई पिछले सप्ताह शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सप्ताह के दौरान शुद्ध रूप से 7,600 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पिछले सप्ताह (7 से 12 फरवरी) के दौरान उन्होंने 3,920 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। सप्ताह के दौरान बाजार भागीदारों की निगाह ब्रेंट कच्चे तेल के दाम और रुपये के उतार-चढ़ाव पर भी रहेगी। रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा, सभी प्रमुख घटनाक्रम पीछे छूट चुके हैं। ऐसे में भविष्य के संकेतकों के लिए वैश्विक बाजार विशेषरूप से अमेरिकी बाजार के प्रदर्शन पर सभी की निगाह रहेगी।

कच्चे तेल और रुपये की चाल पर रहेगी नजर 

इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये की चाल से भी बाजार को दिशा मिलेगी। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 319.87 अंक या 0.52 प्रतिशत के लाभ में रहा। प्रमुख वृहद आर्थिक आंकड़े जारी होने के बीच एफपीआई की लिवाली से बीते सप्ताह बाजार की धारणा सकारात्मक रही। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, हालांकि, उम्मीद से कहीं ऊंची मुद्रास्फीति तथा अमेरिका के रोजगार बाजार के मजबूत आंकड़ों से पिछले सप्ताह के अंत में बाजार नीचे आया। इससे मौद्रिक रुख को और सख्त किए जाने को लेकर चिंता बढ़ी है। नायर ने कहा कि घरेलू बाजार में किसी प्रमुख घटनाक्रम के अभाव में इस सप्ताह बाजार की चाल वैश्विक रुख से तय होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा