1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. यूपी, बिहार के लोग तो यूं ही बदनाम हैं! दक्षिण भारत की इस ट्रेन में होती है सबसे ज्यादा भीड़, चींटी चलने तक की नहीं होती जगह

यूपी, बिहार के लोग तो यूं ही बदनाम हैं! दक्षिण भारत की इस ट्रेन में होती है सबसे ज्यादा भीड़, चींटी चलने तक की नहीं होती जगह

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 08, 2026 10:15 pm IST,  Updated : May 08, 2026 10:15 pm IST

यूपी-बिहार की ट्रेनों में भीड़ की चर्चा तो अक्सर होती रहती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश की सबसे ज्यादा भीड़ वाली ट्रेन दक्षिण भारत में चलती है? जी हां, कन्याकुमारी से मंगलुरु के बीच चलने वाली एक ट्रेन ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है।

सबसे ज्यादा भीड़ वाली...- India TV Hindi
सबसे ज्यादा भीड़ वाली ट्रेन Image Source : ANI

जब भी भारतीय ट्रेनों में भारी भीड़ की बात होती है, तो अक्सर लोग यूपी और बिहार की ट्रेनों का नाम लेने लगते हैं। लेकिन रेलवे के आंकड़े कुछ और ही कहानी बताते हैं। दक्षिण भारत में चलने वाली परशुराम एक्सप्रेस इस समय देश की सबसे ज्यादा भीड़ वाली ट्रेनों में शामिल हो गई है। हालत ऐसी है कि कई बार यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती।

267% तक पहुंची ऑक्यूपेंसी

रेलवे आंकड़ों के मुताबिक कन्याकुमारी से मंगलुरु के बीच चलने वाली परशुराम एक्सप्रेस की ऑक्यूपेंसी 267.67% तक पहुंच गई है। वहीं मंगलुरु से कन्याकुमारी रूट पर भी यह आंकड़ा 261.23% दर्ज किया गया। यानी ट्रेन अपनी क्षमता से ढाई गुना ज्यादा यात्रियों को लेकर चल रही है। दिलचस्प बात यह है कि यह आंकड़ा कई प्रीमियम ट्रेनों से भी ज्यादा है। तुलना करें तो वंदे भारत एक्सप्रेस की ऑक्यूपेंसी करीब 187% बताई गई है।

आखिर इतनी भीड़ क्यों होती है?

विशेषज्ञों के अनुसार परशुराम एक्सप्रेस दक्षिण भारत के कई बड़े धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ती है। यही वजह है कि इसमें हर दिन भारी संख्या में यात्री सफर करते हैं। यह ट्रेन कन्याकुमारी, तिरुवल्लुवर प्रतिमा, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, त्रिवेणी संगम और पद्मनाभस्वामी मंदिर जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ती है। इसके अलावा लंबी दूरी की कनेक्टिविटी और कम किराया भी यात्रियों को आकर्षित करता है।

यात्रियों को होती है भारी परेशानी

भीड़ का असर यात्रियों की सुविधा पर साफ दिखाई देता है। कई बार जनरल कोच ही नहीं, रिजर्वेशन डिब्बों में भी जरूरत से ज्यादा लोग चढ़ जाते हैं। त्योहारों और छुट्टियों के समय स्थिति और खराब हो जाती है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में इतनी भीड़ होती है कि कई बार सीट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। लंबे सफर के दौरान लोगों को घंटों खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है।

रेलवे के सामने बड़ी चुनौती

लगातार बढ़ती भीड़ अब रेलवे के लिए भी चिंता का विषय बन चुकी है। अतिरिक्त कोच लगाने और नई ट्रेनों के संचालन की मांग तेज हो गई है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और भविष्य में और ज्यादा सुविधाएं देने की जरूरत पड़ेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा