दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों की सूची में एक ऐतिहासिक और चौंकाने वाला उलटफेर देखने को मिला है। भारत में बैन हो चुके चर्चित शॉर्ट-वीडियो प्लेटफॉर्म टिकटॉक (TikTok) के फाउंडर और बाइटडांस (ByteDance) के को-फाउंडर झांग यिमिंग (Zhang Yiming) ने भारतीय दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है। झांग यिमिंग अब भारत के दिग्गज उद्योगपति गौतम अदाणी से आगे निकलकर एशिया के सबसे अमीर शख्स बने गए हैं।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, 43 वर्षीय झांग यिमिंग की कुल संपत्ति में जबरदस्त उछाल आया है। उनकी कुल संपत्ति अब 105 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गई है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि केवल इस महीने (सितंबर) में ही उनकी संपत्ति में 12 अरब डॉलर (लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये) से अधिक का इजाफा हुआ है। मार्च 2019 में यिमिंग की संपत्ति केवल 13 अरब डॉलर थी, जहां से आज यह कई गुना बढ़कर नई ऊंचाइयों को छू रही है।
आपको बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण भारतीय दिग्गजों की कंपनियों के वैल्युएशन पर दबाव दिखा है। जून में अदाणी की संपत्ति लगभग 120 अरब डॉलर थी, जिसमें बाद में कुछ गिरावट आई। दूसरी तरफ, अमेरिका और यूरोप में कड़े प्रतिबंधों और विवादों के बावजूद बाइटडांस के ग्लोबल रेवेन्यू और मुनाफे में भारी बढ़ोतरी हुई है। ब्लैकरॉक और फिडेलिटी जैसी प्रमुख निवेश कंपनियों द्वारा बाइटडांस के बढ़ाए गए वैल्युएशन ने यिमिंग को टॉप पर पहुंचा दिया।
कौन हैं झांग यिमिंग?
झांग यिमिंग चीन की टेक दिग्गज बाइटडांस के को-फाउंडर हैं, जिन्होंने दुनिया को टिकटॉक जैसा ग्लोबल शॉर्ट-वीडियो प्लेटफॉर्म दिया है। यिमिंग ने साल 2021 में ही बाइटडांस के सीईओ (CEO) पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बावजूद कंपनी में अपनी बड़ी हिस्सेदारी के कारण उनकी दौलत में यह रिकॉर्ड उछाल आया है। इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी कारोबार से जुड़े अरबपतियों के मुकाबले एआई (AI) और डिजिटल मीडिया से जुड़े टेक कारोबारियों की संपत्ति अब तेजी से बढ़ रही है। झांग यिमिंग की यह सफलता दर्शाती है कि टेक सेक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बूम ने ग्लोबल वेल्थ गेम के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
यह भी पढ़ें- US फेडरल रिजर्व का बड़ा फैसला, ब्याज दरों में 0.25% की बढ़ोतरी; 2023 के बाद पहली बार बढ़ी दरें