1. Hindi News
  2. पैसा
  3. गैजेट
  4. जियो फोन की बुकिंग आज शाम से, ये रहा बुकिंग शुरू होने का समय

जियो फोन की बुकिंग आज शाम से, ये रहा बुकिंग शुरू होने का समय

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Aug 24, 2017 09:05 am IST,  Updated : Aug 24, 2017 09:05 am IST

जियो फोन की प्री-बुकिंग 500 रुपए के भुगतान के साथ कंपनी की वेबसाइट व एप मायजियो तथा रिलायंस डिजिटल आदि स्टोर पर की जा सकती है।

जियो फोन की बुकिंग आज शाम से होगी शुरू, कंपनी ने बताया बुकिंग शुरू होने का समय- India TV Hindi
जियो फोन की बुकिंग आज शाम से होगी शुरू, कंपनी ने बताया बुकिंग शुरू होने का समय

नई दिल्ली लंबे इंतजार के बाद आज रिलायंस के जियो फोन की प्री बुकिंग शुरू होने जा रही है। रिलायंस जियो की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक बुकिंग शाम को 5.30 शुरू होगी। कंपनी इस फोन के जरिए देश के लगभग 50 करोड़ फीचर फोन यूजर्स को लक्ष्य बना रही है। कंपनी हर हफ्ते 50 लाख जियोफोन की आपूर्ति का लक्ष्य लेकर चल रही है।

जियो फोन की प्री-बुकिंग 500 रुपए के भुगतान के साथ कंपनी की वेबसाइट व एप मायजियो तथा रिलायंस डिजिटल आदि स्टोर पर की जा सकती है। कंपनी ने इस फोन की कीमत जमानत राशि के रूप में 1500 रुपए रखी है। प्री-बुकिंग के समय 500 रुपए जमा करवाने होंगे, जबकि बाकी 1000 रुपए फोन मिलने पर अदा करने होंगे।

कंपनी का कहना है कि अगर कोई ग्राहक तीन साल यानी 36 महीने बाद जियो फोन लौटाता है तो उसे 1500 रुपए लौटा दिए जाएंगे। इस तरह से जियो फोन की प्रभावी कीमत शून्य रुपए रहेगी। कंपनी के अनुसार 4जी प्रौद्योगिकी वाला उसका यह हैंडसेट भारत में, भारतीयों द्वारा व भारतीयों के लिए बनाया गया है। रिलायंस जियो के ग्राहक जियो फोन के जरिए 153 रुपए मासिक में अनलिमिटेड डेटा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने 53 रुपए का साप्ताहिक प्लान व 23 रुपए में दो दिन का प्लान भी पेश किया है।

कंपनी के ग्राहकों के लिए वायस कॉल हमेशा के लिए नि:शुल्क है। सूत्रों के अनुसार जियो फोन की प्री-बुकिंग को लेकर लोगों के उत्सुकता को देखते हुए उसने ऑफलाइन व ऑनलाइन बंदोबस्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि 21 जुलाई को हुई रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक में इस फोन की घोषणा की गई थी। कंपनी का कहना है कि फोन की आपूर्ति पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। सूत्रों के अनुसार फोन की आपूर्ति सितंबर के पहले पखवाड़े में शुरू होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Gadgets से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा