Aditya Infotech IPO: सीपी प्लस नाम से वीडियो सिक्यॉरिटी और सर्विलांस प्रॉडक्ट्स, सॉल्यूशन्स और सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी Aditya Infotech आज बंद हो गया। आदित्य इंफोटेक का आईपीओ मंगलवार, 29 जुलाई को खुला था। सीपी प्लस के नाम से सीसीटीवी कैमरे बनाने के लिए मशहूर इस कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का छप्परफाड़ समर्थन मिला है। एनएसई के डेटा के मुताबिक, आदित्य इंफोटेक के आईपीओ को कुल 100.69 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। QIB कैटेगरी के निवेशकों ने अपने कोटे (60,65,625 शेयर) की तुलना में इस आईपीओ के लिए सबसे ज्यादा 133.21 गुना सब्सक्राइब किया है। इसके अलावा, रिटेल निवेशकों ने भी इस आईपीओ के लिए 50.87 गुना सब्सक्राइब किया है।
आईपीओ से 1300 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी
आदित्य इंफोटेक अपने इस आईपीओ के जरिए 1300.00 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है, जिसके लिए कुल 1,92,59,258 शेयर जारी किए जाएंगे। इस आईपीओ के तहत 500 करोड़ रुपये के 74,07,407 नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 800.00 करोड़ रुपये के 1,18,51,851 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए जाएंगे। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत, 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 675 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है। आदित्य इंफोटेक ने अपने कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 60 रुपये का डिस्काउंट ऑफर किया था।
बीएसई और एनएसई पर होगी कंपनी की लिस्टिंग
ये एक मेन बोर्ड आईपीओ है, जिसकी लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर होगी। आज, गुरुवार को आईपीओ बंद होने के बाद शुक्रवार, 1 अगस्त को शेयरों का अलॉटमेंट किया जा सकता है। जिसके बाद 4 अगस्त को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे और आखिर में मंगलवार, 5 अगस्त को ये कंपनी भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंज बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगी।
ग्रे मार्केट में तूफानी तेजी से बढ़ रहा है जीएमपी प्राइस
निवेशकों से मिले छप्परफाड़ समर्थन को देखते हुए, ग्रे मार्केट में आदित्य इंफोटेक के आईपीओ को लेकर जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। गुरुवार को ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 296 रुपये के प्रीमियम यानी जीएमपी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। ग्रे मार्केट में इसके शेयरों का जीएमपी प्राइस दिनों-दिन बढ़ता ही जा रहा है। बताते चलें कि 26 जुलाई को कंपनी के शेयर 210 रुपये के जीएमपी के साथ कारोबार कर रहे थे। जिसके बाद से इसमें लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि, लिस्टिंग होने तक इसके जीएमपी में अभी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।