बिहार सरकार अपनी पावर ट्रांसमिशन कंपनी को शेयर मार्केट में लिस्ट करने की तैयारी कर रही है। ये कदम राज्य के ग्रोथ में जनता की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है। एक सीनियर अधिकारी ने ये जानकारी दी। बिहार के बिजली सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा, ''हम अपनी ट्रांसमिशन कंपनी को शेयर मार्केट में लिस्ट करने की योजना बना रहे हैं और मर्चेंट बैंकर की नियुक्ति के लिए EoI जारी किया है।'' बिहार राज्य बिजली पारेषण कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) लिस्ट होने वाली पहली सरकारी स्वामित्व वाली ट्रांसमिशन कंपनी बनने जा रही है। इसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट कराने का प्रस्ताव है।
मर्चेंट बैंकर की नियुक्ति के बाद तय किया जाएगा इश्यू साइज
मनोज सिंह ने कहा कि इस इश्यू का साइज मर्चेंट बैंकर की नियुक्ति के बाद तय किया जाएगा। ''एक बार जब वे शामिल हो जाएंगे, तो वे हमें आईपीओ प्रोसेस के जरिए गाइड करेंगे और ये आकलन करेंगे कि बाजार से कितनी पूंजी जुटाई जा सकती है।'' उन्होंने कहा कि लिस्टिंग एक लाभकारी कारोबार के लिए उपयुक्त कदम है। ''हमारी ट्रांसमिशन कंपनी लगातार प्रॉफिट में रही है।'' आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल बिहार के ट्रांसमिशन इंफ्रा को मजबूत करने के लिए किया जाएगा ताकि भविष्य की बिजली मांग को पूरा किया जा सके।
नेटवर्क क्षमता बढ़ाने पर कंपनी का जोर
BSPTCL ने नेटवर्क क्षमता बढ़ाने, राज्य में ट्रांसमिशन कॉरिडोर में सुधार करने और बढ़ती बिजली मांग को संभालने के लिए 16,194 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी विस्तार योजना की रूपरेखा तैयार की है। इस योजना में सबस्टेशन और हाई-वोल्टेज पारेषण लाइन को अपग्रेड करना भी शामिल है ताकि नुकसान को कम किया जा सके, ग्रिड की विश्वसनीयता में सुधार हो और नई उत्पादन क्षमता, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत शामिल हैं, के एकीकरण को समर्थन मिल सके।
इन दो कंपनियों को भी शेयर बाजार में लिस्ट करने पर विचार
बिजली सचिव सिंह ने भले ही BSPTCL की लिस्टिंग के लिए समयसीमा का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि सरकार अपनी बिजली वितरण कंपनियों- उत्तर बिहार बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) को भी लिस्ट करने पर भी विचार कर सकती है। उन्होंने कहा कि हम ट्रांसमिशन कंपनी के साथ शुरुआत करेंगे। एक बार राजस्व स्थिर होने के बाद हम अगले दो साल में डिस्कॉम की लिस्टिंग के बारे में भी सोचेंगे।
वित्त वर्ष 2024-25 में कैसे रहे वित्तीय नतीजे
वित्त वर्ष 2024-25 में BSPTCL की कुल आय 1,968 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 286 करोड़ रुपये रहा है। NBPDCL की कुल आय 17,448 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 1,339 करोड़ रुपये रहा है। वहीं SBPDCL की कुल आय 19,108 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 665 करोड़ रुपये रहा है।