बैंक में सालों की मेहनत से जमा की गई कमाई सुरक्षित रहे, यह हर ग्राहक की सबसे बड़ी उम्मीद होती है। लेकिन जब बैंक खाते या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा रकम को लेकर गड़बड़ी की शिकायत सामने आए, तो ग्राहकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में कुछ ग्राहकों के FD और बचत खातों से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद बैंक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। PNB ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। बैंक ने यह भी जानकारी दी है कि अब तक तीन दावों के तहत ₹43 लाख का भुगतान किया जा चुका है।
पंजाब नेशनल बैंक ने अपने बयान में कहा कि ग्रेटर नोएडा शाखा में कुछ ग्राहकों के सावधि जमा (FD) और बचत बैंक (SB) खातों से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। बैंक इस मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रहा है। PNB के मुताबिक, जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। बैंक का कहना है कि शिकायतों में सामने आई गड़बड़ियों के तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अनियमितताओं का दायरा कितना बड़ा है और किन ग्राहकों पर इसका असर पड़ा है।
तीन दावों के तहत ₹43 लाख का भुगतान
बैंक ने अपने बयान में बताया कि अब तक ₹43 लाख की राशि से जुड़े तीन दावों का निपटारा किया जा चुका है। यानी संबंधित ग्राहकों को इस रकम का भुगतान किया गया है। हालांकि, बैंक ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कुल कितने ग्राहकों ने शिकायत दर्ज कराई है और कुल कितनी रकम के दावे लंबित हैं।PNB ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि जांच में सही और वैध पाए जाने वाले सभी दावों का भुगतान किया जाएगा। बैंक के इस बयान से उन ग्राहकों को राहत मिल सकती है, जो अपनी जमा रकम को लेकर जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
PNB ने कहा है कि बैंक धोखाधड़ी, वित्तीय अनियमितताओं और गलत कामों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है। जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ लागू नियमों और प्रक्रियाओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- PNB ग्राहकों के लिए बड़ा अपडेट, 10 नवंबर से पहले निपटा लें ये जरूरी काम; वरना बंद हो सकता है आपका अकाउंट