एलेनबैरी इंडस्ट्रियल गैस लिमिटेड का शेयर मंगलवार को 400 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 35.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 541.20 रुपये के भाव पर बंद हुआ। कंपनी का शेयर बीएसई पर इश्यू प्राइस से 23 प्रतिशत की बंपर उछाल के साथ 492 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ था। बाद में ये 35.3 प्रतिशत बढ़कर 541.20 रुपये के अपर सर्किट सर्किट लिमिट पर पहुंच गया। एनएसई में शेयर का कारोबार 486 रुपये पर शुरू हुआ, जो इश्यू प्राइस से 21.5 प्रतिशत ज्यादा है। बाद में ये 33.65 प्रतिशत के उछाल के साथ अपर सर्किट लिमिट 534.60 रुपये पर बंद हुआ। लिस्टिंग के पहले दिन कंपनी का मार्केट कैप 7627.43 करोड़ रुपये रहा।
26 जून को बंद हुआ था आईपीओ
इंडस्ट्रियल, मेडिकल समेत विभिन्न गैस का प्रोडक्शन करने वाली कंपनी एलेनबैरी इंडस्ट्रियल गैस का आईपीओ मंगलवार, 24 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और गुरुवार, 26 जून को बंद हुआ था। एलेनबैरी इंडस्ट्रियल गैस ने इस आईपीओ से कुल 852.53 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जिसके लिए कंपनी ने कुल 2,13,13,130 शेयर अलॉट किए हैं। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये के 1,00,00,000 फ्रेश जारी किए थे, जबकि बाकी के 452.53 करोड़ रुपये के 1,13,13,130 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए गए थे।
एलेनबैरी इंडस्ट्रियल गैस लिमिटेड के आईपीओ को मिला था 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन
एलेनबैरी इंडस्ट्रियल गैस लिमिटेड के आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 380 रुपये से 400 रुपये का प्राइस रेंज तय किया था। आईपीओ से मिले पैसों में से 210 करोड़ रुपये का इस्तेमाल लोन के भुगतान के लिए किया जाएगा। जबकि, 104.50 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में उलुबेरिया-II प्लांट में एयर सेपरेशन यूनिट की स्थापना के लिए किया जाएगा। वहीं इसका एक हिस्सा सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च किया जाएगा।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।