1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. IPO निवेशकों के लिए अच्छी खबर, विक्रम सोलर और आदित्य इन्फोटेक लाएगा आईपीओ, इतने करोड़ जुटाने की योजना

IPO निवेशकों के लिए अच्छी खबर, विक्रम सोलर और आदित्य इन्फोटेक लाएगा आईपीओ, इतने करोड़ जुटाने की योजना

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 01, 2024 04:04 pm IST,  Updated : Oct 01, 2024 04:04 pm IST

आदित्य इन्फोटेक ‘सीपी प्लस’ ब्रांड के तहत उद्यम और उपभोक्ता खंड के लिए उन्नत वीडियो सुरक्षा और निगरानी उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और समाधानों की पेशकश करती है।

IPO- India TV Hindi
आईपीओ Image Source : FILE

IPO में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। सौर मॉड्यूल बनाने वाली कंपनी विक्रम सोलर और आदित्य इन्फोटेक आइपीओ लाने जा रही है। दोनों कंपनियों ने आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए हैं। आपको बता दें कि विक्रम सोलर आईपीओ के जरिये 1,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कोलकाता स्थित कंपनी ने कहा कि आईपीओ के तहत 1,500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें प्रवर्तक समूह द्वारा 1.74 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल होगी। 

सौर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाएगी कंपनी 

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष दाखिल आईपीओ दस्तावेज के अनुसार, 10 रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य वाले इस निर्गम में पात्र कर्मचारियों के लिए एक निश्चित आरक्षित होगा। इसके अलावा, कंपनी आईपीओ पूर्व नियोजन के जरिये 300 करोड़ रुपये तक जुटाने पर भी विचार कर सकती है। कंपनी की योजना आईपीओ से प्राप्त राशि में से 793.36 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत व्यय के लिए करने की है। इसके तहत कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी वीएसएल ग्रीन पावर प्राइवेट लि.के जरिये 3,000 मेगावाट का सौर सेल और मॉड्यूल विनिर्माण संयंत्र लगाएगी। साथ ही 602.95 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल मौजूदा सौर मॉड्यूल विनिर्माण सुविधा को 3,000 मेगावाट से 6,000 मेगावाट करने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए होगा। 

आदित्य इन्फोटेक 1,300 करोड़ जुटाएगी 

आदित्य इन्फोटेक ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 1,300 करोड़ रुपये जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा किए हैं। दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 500 करोड़ रुपये का नया निर्गम और प्रवर्तकों द्वारा 800 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। नए शेयरों की बिक्री से मिली राशि में 375 करोड़ रुपये से कर्ज चुकाया जाएगा। बाकी राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। सोमवार को दाखिल दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, मार्च-2024 तक कंपनी पर कुल 405.45 करोड़ रुपये का कर्ज था। आदित्य इन्फोटेक ‘सीपी प्लस’ ब्रांड के तहत उद्यम और उपभोक्ता खंड के लिए उन्नत वीडियो सुरक्षा और निगरानी उत्पादों, प्रौद्योगिकियों और समाधानों की पेशकश करती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा