HDB Financial IPO: एचडीएफसी बैंक की सब्सिडरी कंपनी एचडीबी फाइनेंशियल का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहा है। इन NBFC का आईपीओ शुक्रवार, 27 जून को बंद होगा। एचडीबी फाइनेंशियल अपने इस आईपीओ से 16,89,18,918 शेयरों के जरिए कुल 12,500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस आईपीओ के जरिए 2500 करोड़ रुपये के 3,37,83,783 फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 10,000 करोड़ रुपये के 13,51,35,135 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए जाएंगे। कंपनी ने अपने इस आईपीओ के लिए 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 700 रुपये से 740 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा है शेयरों का भाव
एचडीबी फाइनेंशियल के शेयरों को लेकर ग्रे मार्केट में भी अच्छी-खासी हलचल देखी जा रही है। बुधवार, 25 जून को सुबह करीब 6.00 बजे कंपनी के शेयर 74 रुपये (10 प्रतिशत) के प्रीमियम के साथ 814 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे। हालांकि, आईपीओ की डिटेल्स की आधिकारिक घोषणा से पहले, एचडीबी फाइनेंशियल के शेयर ग्रे मार्केट में 1200 रुपये से 1350 रुपये के बीच ट्रेड कर रहे थे, जो आईपीओ के अपर रेंज 740 रुपये प्रति शेयर से लगभग 70-80% ज्यादा था। लेकिन, मूल्य निर्धारण के खुलासे के बाद बाजार में इसे लेकर उत्साह कम हो गया है।
शेयर बाजार में कब लिस्ट होगी एचडीएफसी बैंक की सब्सिडरी कंपनी
इस आईपीओ के जरिए एक लॉट में 20 शेयर जारी किए जाएंगे। रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम 14,800 रुपये का निवेश करना होगा। इसके अलावा, रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं, जिसके लिए 1,92,400 रुपये का निवेश करना होगा और इसमें उन्हें कुल 260 शेयर मिलेंगे। 27 जून को आईपीओ बंद होने के बाद सोमवार, 30 जून को शेयरों का अलॉटमेंट किया जा सकता है। 1 जुलाई को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट किए जा सकते हैं और अंत में 2 जुलाई को कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।